गाजियाबाद में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते-पढ़ाते मेरठ से करने लगा हथियारों की सप्लाई

गाजियाबाद। बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते-पढ़ाते कमाई ज्यादा न होने पर अवैध रूप से मेरठ से हथियारों की सप्लाई करने लगा। ऐसे ही आरोपी को मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने अवैध हथियारों समेत चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके कब्जे से पिस्टल. 32 बोर,तमंचा .32 बोर, तीन तमंचे, पांच कारतूस बरामद किए है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार की रात में मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर टीम के साथ मधुबन बापूधाम योजना में 16 मंजिला फ्लैट गोल चक्कर तिराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान उक्त हथियार तस्कर को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया आरोपी प्रतीक पुत्र अभिमन्यु निवासी बी-17 इंद्रा एंक्लेव, गोविंदपुरम मूल निवासी गांव करवाड़ा जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में प्रतीक ने बताया कि बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता हूं। बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर जो पैसा मिलता है, उससे गुजारा सही से नहीं हो पा रहा था। इसी बीच मेरठ गया तो कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लिए राजेश नामक व्यक्ति के बारे में बताया। राजेश से मेरठ में बेगम पुल पर मुलाकात हुई। राजेश ने ही इसे अधिक रुपए कमाने का तरीका बताया। उसके बाद राजेश से सस्ते दाम पर हथियार खरीदकर ऑन डिमांड अधिक रुपए में गाजिायबाद व एनसीआर क्षेत्र में बेचता था। पुलिस ने बरामद किए हथियार भी मेरठ से लेकर आया था। इनकी डिमांड मिलने पर उन्हें बेचता। पुलिस ने पिस्टल, 4 तमंचे, पांच कारतूस, पिट्ठू बैग बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया।