डीएम ने दिलाई संविधान दिवस पर अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ

-हमें भारत के संविधान पर गर्व है और सभी को गर्व होना चाहिए: इन्द्र विक्रम सिंह

गाजियाबाद। 75वें संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों, कर्मियों को मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई। डीएम ने महिलाओं को सम्मान देने, हिसा से दूर रहते हुए बंधुत्व को बढ़ावा देने, सामाजिक संस्कृति का संवर्धन व पर्यावरण संरक्षण व वैज्ञानिक ²ष्टिकोण का विकास, सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा करने, व्यक्तिगत व सामूहिक गतिविधि में उत्कृष्टता बढ़ाने, सबको शिक्षा के अवसर प्रदान करने एवं स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान लोक भवन लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संविधान की उद्देशिका पाठन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। लाइव प्रसारण के उपरान्त डीएम सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। डीएम द्वारा उपस्थित जनों को शपथ दिलाई गई कि हम सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान करते हैं कि भारत के संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करेंगे। संवैधानिक आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज व राष्ट्रीय प्रतीकों का आदर करेंगे।

देश की संप्रभुता, अखंडता की रक्षा करेंगे। महिलाओं का सम्मान करेंगे। हिंसा से दूर रहकर बंधुता बढाएंगे। सामाजिक संस्कृति का संवर्द्धन व पर्यावरण का संरक्षण करेंगे। वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करेंगे। सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करेंगे। व्यक्तिगत व सामूहिक गतिविधि में उत्कृष्टता बढ़ाएंगे। सबको शिक्षा के अवसर प्रदान करेंगे एवं स्वतंत्रता आन्दोलन के आदर्शों को बढ़ावा देंगे। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि हमें भारत के संविधान पर गर्व है और सभी को गर्व भी होना चाहिए। संविधान की उद्देशिका, भारत के संविधान की आत्मा है। इसके शब्दों में पूर्ण संविधान का सार है। यदि हम संविधान की उद्देशिका को अंगीकृत और आत्मार्पित करते हैं तो समझ लिजिए की हमने पूर्ण संविधान को ही अंगीकृत कर लिया है। उन्होंने कहा कि संविधान हर प्राणी के लिए समभाव रखता है। सभी को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय दिलाता है।

सभी को अपने विचारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है। सभी को अवसर और प्रतिष्ठा की समता देता है। डीएम ने इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपद वासियों को संविधान दिवस की बधाई भी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम ई रणविजय सिंह ने संविधान को बनाने के समय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किस प्रकार व कितनी गंभीर परिस्थितयां होने पर भी डॉ. भीमराव अम्बेडकर की अध्यक्षता व समिति के सदस्यों द्वारा श्रेष्ठ, स्वतंत्र, निष्पक्ष संविधान को बनाने का कार्य किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एडीएम (एफआर) सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, एआईजी स्टाम्प पुष्पेन्द्र, एसडीएम चन्द्रेश और जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार सहित सभी अधिकारी/कर्मचारी और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।