उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले के अवैध शराब के खिलाफ चलाई जा रहे रात्रि अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों से कम-कम मात्रा में पहले शराब खरीदता था और फिर उन्हीं शराब को एकत्रित करने के बाद रात में दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। शराब तस्करी की वारदात को अंजाम देने के लिए दिन में मेहनत मजदूरी और रात में शराब तस्करी का अवैध धंधा करता था। रात के अंधेरे में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए आबकारी विभाग की टीमें रात्रि में अभियान चलाकर शराब तस्करों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। जिससे जनपद को अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह मुक्त किया जा सकेंं।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार रात को आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम द्वारा थाना फेस-3 नोएडा की पुलिस टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। सेक्टर 68 डम्पिंग ग्राउण्ड के अन्दर रात के अंधेरे में अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे सचिन पुत्र सुरेश चन्द निवासी मकान नंबर-3 गली नंबर-4 बहलोलपुर सेक्टर-63 नोएडा को गिरफ्तार किया गया।
जिसके पास से 48 अदद पट्वे वेव कैटरीना देशी शराब बरामद किया गया। तस्कर के खिलाफ थाना फेस- 3 नोएडा में धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। रात में चोरी छिपे शराब तस्करी कर रहे तस्करों के खिलाफ रात्रि अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
















