उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते रविवार को छुट्टी के दिन भी जीडीए प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने 5 अवैध कॉलोनियों में निर्माण कार्य रूकवाते हुए साईट ऑफिस को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। रविवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनिल शर्मा,अवर अभियंता राजेंद्र सिंह,राजीव कुमार ने जीडीए पुलिस की मौजूदगी में जोन क्षेत्र के ग्राम मटियाला व रसूलपुर सिकरोडा़ में सतीश व मोहम्मद अली,मोहम्मद सादाब द्वारा अवैध रूप से काटी जा रही 5 अवैध कालोनियों में प्रारंभिक स्तर पर रूकवा दिया।
मौके पर बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी में बनाए गए साईट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए की इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माण करने वालों ने जमकर विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें वहां से खदेड़ते हुए कार्य बंद कराने की कार्रवाई की गई। मौके पर अवैध कॉलोनी में साईट ऑफिस को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। वहीं,दीवारों पर अवैध कॉलोनी के लगाए गए विज्ञापन बोर्ड पर काला पेंट करा दिया गया। मौके पर उपस्थित लोगों से अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से काटी जा रही कॉलोनी में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें। अनाधिकृत कॉलोनियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।















