आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित न रहे कोई शिकायत, दिया प्रशिक्षण: विवेक मिश्रा

उदय भूमि
गाजियाबाद। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। मंगलवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में एडीएम एलए विवेक कुमार मिश्रा ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में प्रशिक्षण दिया। एडीएम एलए विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल को चेक करने के लिए समय निर्धारित है। इसलिए कोई भी शिकायत लंबित न रहे।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बीते सोमवार को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया था। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यदि इसके संबंध में कोई शंका या समस्या है तो उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएं। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को एडीएम एल/ए विवेक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान एडीएम एल/ए ने बताया कि किस प्रकार से आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों का निस्तारण करते हुए फीडबैक प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल को चेक करने का समय निर्धारित किया जाएं।

साथ ही शिकायत प्राप्त होते ही उसके निस्तारण की कार्रवाई को शुरू कर दिया जाएं। शिकायत निस्तारण के लिए किस व्यक्ति द्वारा उसका निस्तारण किया गया। उक्त स्थान का निरीक्षण किया गया,किसके द्वारा फीडबैक लिया गया। इन सभी की जानकारियों को रजिस्टर में विवरण सहित पूर्ण आख्या के साथ लिखा जाएं। यदि शिकायतकर्ता द्वारा निस्तारण में असंतुष्टि जताई जाती है,तो शिकायत को पुन: निस्तारण किया जाएं। कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहे,इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।