-पार्किंग अव्यवस्था पर सख्त डीएम दीपक मीणा, समस्या को जड़ से खत्म करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट परिसर में आए दिन लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश जारी किए। डीएम ने पार्किंग की समस्या को जड़ से खत्म करने की बात कही और पार्किंग संचालकों को चेतावनी दी कि वाहन स्वामियों से केवल निर्धारित शुल्क ही लिया जाए। निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष उपाध्याय और एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद मौजूद रहे। डीएम ने कलेक्ट्रेट से लेकर विकास भवन तक वाहनों के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू करने और मुख्य द्वारों के सामने पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करता है तो उस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई हो।
डीएम ने पुलिस और होमगार्ड की तैनाती के निर्देश भी दिए ताकि पार्किंग को सुव्यवस्थित किया जा सके। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों पर निर्धारित शुल्क के बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने और किसी भी हालत में अधिक शुल्क ना वसूले जाने की सख्त हिदायत दी गई। जनसुनवाई के दौरान डीएम को राजस्व, नगर निगम, बिजली, पेंशन और जीडीए संबंधी कई शिकायतें मिलीं। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान शीघ्र किया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मीडिया सेंटर, नेडा ऑफिस और सूचना विभाग कार्यालय का भी जायजा लिया।
मीडिया कर्मियों द्वारा पार्किंग और गर्मी से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं, जिनके समाधान का आश्वासन भी जिलाधिकारी ने दिया। स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि कलेक्ट्रेट परिसर में कोई भी निजी होर्डिंग नहीं लगनी चाहिए। पुराने व क्षतिग्रस्त बोर्ड्स को हटाकर सरकार की योजनाओं से संबंधित नए बोर्ड्स लगाए जाएं। सूचना विभाग परिसर की सफाई व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी दीपक मीणा की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों के बाद कलेक्ट्रेट की व्यवस्थाओं में शीघ्र ही बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।

















