-विकास भवन में कार्यक्रम आयोजित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया
-सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा ने 55 श्रमिकों को टूल किट और प्रमाण पत्र प्रदान किए
-मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाभार्थियों को ऋण योजना के चेक प्रदान
-निर्माण श्रमिकों के लिए मातृत्व, शिक्षा, कन्या विवाह और मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजनाओं का वितरण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर बुधवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्माण क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, युवा उद्यमियों और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग और शहर विधायक संजीव शर्मा मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीडीओ अभिनव गोपाल सहित जिला उद्योग केंद्र एवं श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाने से हुई। इसके बाद सांसद और विधायक ने लाभार्थियों को टूल किट और चेक वितरित किए। सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा ने इस अवसर पर सभी लाभार्थियों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने इस दौरान विभिन्न योजनाओं के महत्व और उनके लाभ पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 55 लाभार्थियों को टूल किट और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस योजना का उद्देश्य निर्माण क्षेत्र के कुशल श्रमिकों को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 5 युवाओं—अमित कुमार, सीमा देवी, वान्या दिवाकर, मोहित कुमार और रानी दास को ऋण योजना के तहत चेक प्रदान किए गए। इससे लाभार्थी स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। सांसद और विधायक ने लाभार्थियों से अपील की कि उन्हें प्राप्त टूल किट का सदुपयोग करें और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के तहत भी कई लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। इसमें मातृत्व, शिशु और बालिका मदद योजना के तहत दिलशाद, अतीक और पुनीत कुमार; संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत गुलाब सिंह और अशोक; कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत मुकेश, कमल सिंह और ओमदत्त को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा निर्माण कामगार मृत्यु और दिव्यांगता सहायता योजना के तहत राम भतरी और कमलेश को सावधि जमा के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में उप श्रम आयुक्त अनुराग मिश्र, सहायक श्रम आयुक्त वीरेंद्र कुमार, विनीता सिंह और श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त उद्योग राजेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार गौतम और प्रीति त्यागी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं के लाभ और उनके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि विश्वकर्मा दिवस का महत्व सिर्फ श्रमिकों की सराहना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित करता है। हम चाहते हैं कि हमारे युवा अपने कौशल का सही उपयोग करें और समाज में अपनी पहचान बनाएं।
वहीं विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि इस अवसर पर हम लाभार्थियों को न केवल टूल किट और वित्तीय सहायता दे रहे हैं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के मार्ग पर मार्गदर्शन भी दे रहे हैं। हमारी कोशिश है कि निर्माण क्षेत्र में कार्यरत प्रत्येक श्रमिक और युवा योजनाओं का लाभ उठा सके। इस प्रकार गाजियाबाद में आयोजित विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम न केवल श्रमिकों और युवा उद्यमियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने में सफल रहा, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने में भी अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना की और इसे निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
















