वायु प्रदूषण नियंत्रण: बिल्डरों की साइट पर कड़ी निगरानी अनिवार्य, नंद किशोर कलाल के सख्त निर्देश

-ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा
-कॉलोनियों में चार शिफ्टों में पानी का छिड़काव और सड़कों की सफाई
-भट्टी जलाने और खुले में कूड़ा जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
-बिल्डर साइटों पर ग्रीन नेट और एंटी-स्मोक गन के साथ मॉनिटरिंग
-नागरिकों से अपील: धूल-धुआं मुक्त वातावरण में सहयोग दें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण नियंत्रण और गै्रप के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रैप के प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाएगा। इसके साथ ही बिल्डरों की साइट पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए।जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर अब कॉलोनियों में निरंतर पानी का टैंकरों से छिड़काव किया जा रहा है।इसके साथ ही आधुनिक मशीनों से सड़कों धूल और सफाई कराई जा रही है। सोमवार को जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता सुधार के लिए इसे अभियान के रूप में संचालित किया जाए।

उन्होंने सभी अनुभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जीडीए की देखरेख वाली सभी कॉलोनियों में निरंतर चार शिफ्टों में पानी का छिड़काव किया जाए,ताकि सड़कों पर उडऩे वाली धूल को नियंत्रित किया जा सके। इसके लिए आवश्यक उपकरण जैसे वॉटर स्प्रिंकलर,जेटिंग मशीनें,रोड स्वीपिंग मशीनें तथा एंटी-स्मोक गन का निरंतर उपयोग किया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर अब कालोनियों में वॉटर स्प्रिंकलर से नियमित दो शिफ्टों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है। सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में भी पानी के छिड़काव का कार्य निरंतर जारी है। इसके साथ ही भट्टी जलाने वालों और खुले में कूड़ा जलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। जीडीए उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि बिल्डर साइटों पर विशेष निगरानी रखी जाए। प्रत्येक निर्माण स्थल पर ग्रीन नेट लगाई जाए। निर्माण सामग्री खुले में न रखी जाए तथा एंटी-स्मोक गन नियमित रूप से चालू रखी जाए।

उन्होंने कहा कि बिल्डर साइटों और ेजीडीए की परियोजनाओं पर धूल उडऩे से रोकने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जाए। उन्होंने प्रवर्तन और निर्माण अनुभाग को संयुक्त रूप से मॉनिटरिंग टीम बनाकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जीडीए क्षेत्र में कहीं भी कूड़ा या वेस्ट मैटेरियल न जलाया जाए। जीडीए उपाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित पानी का छिड़काव करें और धूल-धुआं मुक्त वातावरण बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण की शुद्धता हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जीडीए द्वारा चलाए जा रहे इस व्यापक अभियान का उद्देश्य शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार करना और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करना  है।