-अग्नि सुरक्षा और मानकों का सख्त पालन सुनिश्चित करने के लिए आबकारी और अग्निशमन विभाग ने किया संयुक्त निरीक्षण, संचालकों को चेतावनी
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। गोवा के बर्थ बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की जान गंवाने के बाद गौतमबुद्ध नगर जिले में सुरक्षा मानकों की जांच को लेकर अभियान तेज कर दिया गया है। जिले के 164 क्लब, रेस्टोरेंट और बार की जांच के लिए आबकारी विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि जो भी सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा में कमियां हैं, उन्हें तत्काल सुधारें। बैठक में कहा गया कि किसी भी क्लब, बार या रेस्टोरेंट में क्षमता से अधिक लोगों का प्रवेश नहीं होना चाहिए और सभी सुरक्षा मानक सुनिश्चित किए जाएँ। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने साफ निर्देश दिए कि जिले के सभी रेस्टोरेंट, बार, क्लब पूर्ण सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही संचालित हों। उन्होंने कहा कि आग और अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरणों का संचालन, इमरजेंसी निकासी मार्ग और फायर अलार्म की स्थिति की नियमित जांच की जानी चाहिए। बैठक में आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, आशीष पांडेय, डॉ. शिखा ठाकुर, सचिन त्रिपाठी, नामवर सिंह, अभिनव शाही और संजय चंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान के तहत सोमवार को आबकारी विभाग और अग्निशमन विभाग की टीम ने गार्डन गैलेरिया एवं आर क्यूब मॉल स्थित इवेंट बार और अन्य बार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा प्रमाण-पत्र, बार लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों, जैसे फायर एक्सटिंग्विशर, स्प्रिंकलर सिस्टम, इमरजेंसी लाइटिंग और निकास मार्ग की जांच भी की गई। बार संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे इन सभी उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखें और कर्मचारियों को इनका सही उपयोग करने की प्रशिक्षण दें। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में सभी बार, क्लब और रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा और मानकों का सख्त पालन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभियान लगातार चलाया जाएगा और किसी भी उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अगर किसी बार या रेस्टोरेंट में सुरक्षा संबंधी कोई कमी पाई जाती है, तो संचालकों को तत्काल सुधार के लिए निर्देशित किया जाएगा। इसके अलावा, अगर आवश्यक हो तो संचालन पर अस्थायी रोक भी लगाई जा सकती है।
जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बैठक में स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं है, बल्कि यह जिले में जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संचालन और सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। जिले में संचालित सभी क्लब, बार और रेस्टोरेंट को इस दिशा में सहयोग करना होगा। गौतमबुद्ध नगर जिले में अब तक आबकारी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सभी प्रमुख बार और पब की जांच शुरू कर दी है। टीमें विशेष रूप से अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली, इलेक्ट्रिक वायरिंग की स्थिति और इमरजेंसी निकासी मार्गों पर ध्यान दे रही हैं। सभी कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में वे त्वरित और सही कदम उठा सकें।
आबकारी विभाग की इस कार्यशैली ने यह सुनिश्चित किया है कि जिले में संचालित बार, रेस्टोरेंट और क्लबों में सुरक्षा मानकों का पालन हो और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न्यूनतम हो। अधिकारियों की लगातार पैनी नजर और सख्त निर्देशों से जिले के बार और रेस्टोरेंट संचालक अब सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति और गंभीर हुए हैं। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से जिले में आग और अन्य सुरक्षा खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। संचालकों को चेतावनी के साथ-साथ निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच करें और अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षित रखें।
इससे न केवल आग जैसी आपदाओं से निपटा जा सकेगा, बल्कि जनता और ग्राहकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इस अभियान के तहत आगे भी आबकारी और अग्निशमन विभाग की टीम लगातार निरीक्षण करती रहेगी और किसी भी कमी को तुरंत ठीक कराने का आदेश जारी किया जाएगा। जिले में 164 क्लब, बार और रेस्टोरेंट पर यह अभियान दो-तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, ताकि सभी सुरक्षा मानकों का पालन हो और आमजन को सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।


















