केबीसी का प्रसारण जल्द, शूटिंग शुरू, अमिताभ ने इंस्टाग्राम पर जानकारी शेयर की

नई दिल्ली। प्रसिद्ध रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) का छोटे पर्दे पर प्रसारण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) के बीच केबीसी की शूटिंग आरंभ हो गई है। यह 12वें सीजन की शूटिंग हो रही है। खुद बिग बी यानी अमिताभ बच्चन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी है। उन्होंने शूटिंग के दरम्यान का फोटो शेयर कर लिखा, काम पर वापसी, नीले पीपीई किट के समुद्र में। केबीसी पिछले बीस साल से चल रहा है। अमिताभ बच्चन का यह पोस्ट खूब वायरल हो रहा है। फैंस इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। केबीसी छोटे पर्दे का बेहद लोकप्रिय रियलिटी शो है। इस शो के जरिए करोड़पति बनने का मौका भी मिलता है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले अमिताभ बच्चन कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं। अमिताभ विगत 11 जुलाई को कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। बाद में उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नानावती अस्पताल में 23 दिनों तक उपचार के बाद 2 अगस्त को उन्हें छुट्टी दे दी गई। अमिताभ को आखिरी बार गुलाबो सिताबो में देखा गया था, जिसका प्रीमियर जून में प्राइम वीडियो पर किया गया था। शूजित सरकार द्वारा निर्देशित फिल्म में आयुष्मान खुराना उनके को-एक्टर थे। अभिताभ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह सोशल मीडिया पर फैंस के सवालों का भी जवाब देते हैं। केंद्र सरकार ने हाल में फिल्म और टीवी शो की शूटिंग प्रारंभ करने के लिए गाइड लाइन जारी की हैं। शूटिंग के समय कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। शूटिंग शुरू होने से कलाकारों ने भी राहत की सांस ली है।