मतदाता सूची में नए मतदाता फॉर्म-6 के साथ जमा कराएं: मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने की अपील

-जनपद गाजियाबाद में एसआईआर अभियान के तहत युवा मतदाताओं में उत्साह, अब तक 50 हजार आवेदन प्राप्त
-1,53,048 मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस, 127 सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को किया गया नियुक्त
-मोबाइल लिंक सुविधा से वोटर आईडी से जुड़ी जानकारी सीधे प्राप्त, आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता सुनिश्चित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से 18 वर्ष की आयु पार कर चुके युवा मतदाता सूची में नाम जोड़वाने के लिए सक्रिय हुए हैं। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त रोल प्रेक्षक एवं मेरठ मंडल के मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट, एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त ने सभी नए 18 वर्ष पार कर चुके मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता फॉर्म-6 और घोषणा पत्र के साथ अपने आवेदन जमा कराएं। मंडलायुक्त ने बताया कि जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 20,19,853 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया गया है।

इसके अलावा एसआईआर के तहत पूर्व विशेष पुनरीक्षण 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं किए गए 1,53,048 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस की सुनवाई के लिए जिले में 127 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। बैठक में मंडलायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने ब्लॉक स्तर एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करें और दावे व आपत्ति की अवधि में नागरिकों को जागरूक करें ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जा सकें। जिले में अब तक करीब 50,000 नए मतदाताओं ने आवेदन किया है। इनमें 20,000 आवेदन ऑनलाइन और 30,000 ऑफलाइन तरीके से प्राप्त हुए हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि सभी आवेदन निर्धारित समय में जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, गाजियाबाद क्षेत्र में सबसे अधिक 20,070 आवेदन प्राप्त हुए हैं, इसके बाद साहिबाबाद 11,245, मुरादनगर 9,002, मोदीनगर 6,811 और लोनी में 4,091 आवेदन हुए हैं। मतदाता सूची सुधार अभियान के तहत अब वोटर आईडी को मोबाइल नंबर से लिंक करने की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इससे मतदाता चुनाव से जुड़ी सूचनाएं, अपडेट और सत्यापन संबंधी जानकारी सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, आपत्तियों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। मंगलवार को कविनगर स्थित रामलीला मैदान के जानकी सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष उपाध्याय ने आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नोटिस के जवाबों के आधार पर ही अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाएगी ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे और किसी तरह की त्रुटि न रहे। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और मतदाता सूची को सटीक एवं अपडेट रखने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति समय रहते सुधार कराएं।