बैंक घोटाला : संजय राउत की पत्नी वर्षा तलब

ईडी ने पूछताछ के लिए तीसरी बार भेजा समन

मुंबई। पंजाब और महाराष्ट्र सहकारी बैंक (पीएमसी) घोटाला प्रकरण में शिवसेना के फायर ब्रांड नेता एवं सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत की मुश्किलें निरंतर बढ़ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तीसरी बार समन भेजा है। उन्हें पूछताछ के लिए 29 दिसम्बर को बुलाया गया है। इससे पहले मेडिकल ग्राउंड पर वह 2 बार पूछताछ से बच चुकी हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को पूछताछ के लिए धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के अंतर्गत समन जारी किया है। नियमानुसार यदि कोई व्यक्ति निरंतर 3 समन स्किप करता है तो ईडी उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को स्वतंत्र है। आधिकारिक सूत्रों ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसी वर्षा राउत से उस राशि की रसीद के विषय में पूछताछ करना चाहती है, जिसका कथित तौर पर बैंक से गबन किया गया था। इस प्रकरण में प्रवीण राउत नामक आरोपी की पत्नी के साथ वर्षा का 50 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है। वर्षा राउत से उसी लेन-देन के संबंध में पूछताछ होनी है। हालांकि वर्षा की तरफ से कहा गया कि इसे संपत्ति की खरीद के लिए उधार लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले साल अक्तूबर में पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक में कथित ऋण धोखाधड़ी की जांच हेतु हाउसिंग डेवलपमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर लि. (एचडीआईएल), उसके प्रमोटर राकेश कुमार वधावन और उनके बेटे सारंग वधावन, पूर्व अध्यक्ष वी. सिंह और पूर्व प्रबंध निदेशक जॉय थॉमस के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एजेंसी ने पीएमसी बैंक को कथित रूप से प्रथम दृष्टया गलत तरीके से 4 हजार 355 करोड़ रुपये का नुकसान और खुद को लाभ पहुंचाने के लिए उनके खिलाफ मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज प्राथमिकी पर संज्ञान लिया था। राकांपा और कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महागठबंधन महा विकास अघाड़ी की पार्टनर शिवसेना ने पहले आरोप लगाया था कि केंद्रीय जांच एजेंसियां उन्हें गलत तरीके से निशाना बना रही हैं।