बेंगलुरु में हिंसा, उग्र भीड़ का विधायक आवास पर हमला, पुलिस स्टेशन पर पथराव

फेेसबुक पोस्ट के बाद बिगड़े हालात, 3 की मौत, 60 पुलिस कर्मी घायल

उदय भूमि ब्यूरो

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट के कारण बवाल हो गया। हिंसक भीड़ ने पुलिस स्टेशन का घेराव कर जमकर पथराव किया। विधायक के घर पर भी हमला कर दिया गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को गोलियां चलानी पड़ीं। हिंसा में 3 नागरिकों की मौत हो गई है। पुलिस ने 100 से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सहित 60 पुलिस कर्मी भी घायल हैं। फिलहाल तनावपूर्ण शांति कायम है। पुलिस के मुताबिक सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर किसी ने आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। इसकी जानकारी मिलने पर सैकड़ों की तादात में नागरिक एकजुट हो गए। उग्र भीड़ ने जगह-जगह तांडव मचाना शुरू कर दिया। नाराज नागरिकों ने पुलाकेशी नगर विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के आवास पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक शहर के डीजे हल्ली और केजी हल्ली थाना क्षेत्र में जमकर बवंडर किया गया। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त कमल पंत के मुताबिक डीजे हल्ली और केजी हल्ली क्षेत्र में कथित फेसबुक पोस्ट पर हिंसक झड़प हुई। ऐसे में एडिशनल पुलिस कमिश्नर सहित लगभग 60 पुलिस कर्मी घायल हो गए। हिंसा में अब तक 3 नागरिकों की जान चली गई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हिंसक भीड़ ने पुलिस स्टेशन का घेराव कर पत्थरबाजी की। उपद्रवियों ने 200 से ज्यादा वाहनों में आग लगा दी। हालात पर काबू पाने को डीजे हल्ली और केजी हल्ली थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके अलावा पूरे बेंगलुरू में धारा-144 लागू कर दी गई है। फेसबुक पोस्ट डालने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किसी भी स्थिति से निपटने को पुलिस मुस्तैद है। उधर, कर्नाटक के मंत्री सीटी रवि ने बताया कि हिंसा के पीछे साजिश छुपी है। एसडीपीआई नामक संगठन की कारगुजारी का पता चला है। संगठन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।