राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी ने दी रक्षाबंधन की बधाई, देशभर में मनाया जा रहा है रक्षा का त्योहार
उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। आज देशभर में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन बड़े धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। उदय भूमि परिवार की तरफ से आप सभी पाठकों, विज्ञापनदाताओं एवं उदय भूमि से जुड़े समस्त लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं। उदय भूमि कामना करता है कि यह त्यौहार जीवन में खुशियां लाये और सभी तरह के कष्टों से आपकी रक्षा करे। आज देशभर में रक्षाबंधन बड़े धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी समस्त देशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि रक्षा बंधन के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी समस्त देशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से आग्रह किया कि वे महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराएं। राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा कि रक्षा बंधन पर सभी देशवासियों को बधाई! राखी प्रेम और विश्वास का वह अटूट धागा है जो बहनों को भाइयों से जोड़ता है। आइए, आज हम सब महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराएं।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि माताओं, बहनों व बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनका सशक्तिकरण सभी का दायित्व है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि रक्षा बंधन के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! राखी भाई बहन के पवित्र स्नेह का प्रतीक है। आज समाज में माताओं, बहनों और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनका सशक्तिकरण सभी का दायित्व है। उन्होंने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे कोरोना महामारी के इस दौर में परस्पर सहिष्णुता, संक्रमण से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के प्रति सहानुभूति और सहायता का भाव रखें। साथ ही उन्होंने बंदी के कारण प्रभावित हुए श्रमिक भाइयों को हर संभव मदद करने का भी अनुरोध किया। राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं! श्रावण मास की पूर्णिमा में हर साल मनाया जाने वाला यह पर्व बहन-भाई के प्यार और पवित्र रिश्ते को और गहरा करता है।
















