अभिनेता राज कपूर के पैतृक मकान का सौदा टला

सिर्फ डेढ़ करोड़ में मालिक को डील मंजूर नहीं

नई दिल्ली। सिने प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। जाने-माने अभिनेता राज कपूर का पाकिस्तान में पैतृक मकान का सौदा टल गया है। मालिक ने सरकार द्वारा निर्धारित कीमत पर यह मकान बेचने से साफ इंकार कर दिया है। मालिक का तर्क है कि अच्छी लोकेशन पर होने के बावजूद मकान का मूल्य बेहद कम आंका गया है। अलबत्ता वह यह सौदा करने को राजी नहीं है। मशहूर अभिनेता राज कपूर का पाकिस्तान के पेशावर में पैतृक मकान है। खैबर पख्तूनख्वा सरकार इस मकान को खरीदने की इच्छुक है। वह इस संपत्ति का पर्यटन की दृष्टि से इस्तेमाल करना चाहती है। जानकारी के अनुसार प्रांतीय सरकार ने राज कपूर के पुश्तैनी मकान को खरीदने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये कीमत लगाई थी। सरकार का इरादा इस मकान को खरीद कर संग्रहालय में परिवर्तन करने का है। सरकार ने कहा था कि मकान को संग्रहालय के रूप में तब्दील कर अभिनेता को सम्मान दिया जाएगा। वर्तमान में राज कपूर के पैतृक मकान के मालिक हाजी अली साबिर हैं। साबिर ने डेढ़ करोड़ रुपये में यह मकान बेचने से इंकार कर दिया है। एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत में साबिर ने कहा कि इस क्षेत्र में आधा मारला भूमि भी डेढ़ करोड़ में नहीं मिलती। मैं 6 मारला भूमि की संपत्ति को डेढ़ करोड़ में कैसे बेच सकता हूं। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में मारला इकाई का प्रयोग किया जाता है। प्रयोग की जाने वाली इकाई मारला का अर्थ 272.25 वर्ग फुट क्षेत्र होता है। मकान मालिक हाजी अली साबिर ने कहा कि संपत्ति की उचित कीमत 200 करोड़ रुपये है। राज कपूर का पुश्तैनी मकान किस्सा ख्वानी बाजार क्षेत्र में है। इसका निर्माण राज कपूर के दादा दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने 1918 से 1922 के मध्य कराया था। राज कपूर और उनके चाचा त्रिलोक कपूर दोनों का जन्म इस मकान में हुआ था। प्रांतीय सरकार ने इस इमारत को राष्ट्रीय विरासत घोषित किया है।