अभिनेता राजीव कपूर का निधन, बॉलीवुड में शोक

कपूर परिवार पर फिर टूटा दुखों का पहाड़

मुंबई। नामचीन कपूर परिवार पर फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रख्यात अभिनेता राजकपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर का आकस्मिक निधन हो गया है। हार्ट अटैक आने पर उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजीव के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं। बता दें कि कुछ माह पहले अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया था। बॉलीवुड के ग्रेट शो मैन राज कपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर (58) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह रणधीर कपूर और ऋषि कपूर के छोटे भाई थे। जबकि शम्मी कपूर और शशि कपूर के भतीजे थे। राजीव के निधन की जानकारी दिवंगत ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर दी है। नीतू कपूर ने ट्वीट कर लिखा कि 58 साल की उम्र में राजीव कपूर का निधन हो गया। राजीव के निधन के बाद से समूचा बॉलीवुड शोक में डूब गया है। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अभिनेता राजीव कपूर ने 1983 में एक जान हैं हम फिल्म से डेब्यू किया था, मगर राम तेरी गंगा मैली उनकी सबसे यादगार फिल्म रही, जिसमें वह अभिनेत्री मंदाकिनी के साथ नजर आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। सनद रहे कि पिछले कुछ माह के भीतर बॉलीवुड से कई बुरी खबरें सामने आई हैं। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत, ऋषि कपूर, इरफान खान आदि ने पिछले साल दुनिया को अलविदा कर दिया था। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद खासा हंगामा मचा था। बाद में इस केस की जांच सीबीआई को सौंपी गई, मगर अब तक सीबीआई किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।