नगर निगम सख्त, शिप्रा मॉल और ओमेक्स प्लाजा सील

40 लाख रुपए मिलने पर शिप्रा मॉल अनलॉक

गाजियाबाद। नगर निगम के बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त रूख अपना रखा है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने मंगलवार को इंदिरापुरम में शिप्रा मॉल और ओमेक्स प्लाजा को सील कर दिया। इससे दोनों संस्थान के प्रबंधन में एकाएक हड़कंप मच गया। करीब 2 घंटे बाद शिप्रा मॉल की सील खोल दी गई। मॉल प्रबंधन ने 40 लाख रुपए का चेक नगर निगम को दिया है। नगर निगम ने बड़े बकाएदारों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इंदिरापुरम के शिप्रा मॉल पर 2 करोड़ 22 लाख रुपए संपत्ति कर बकाया था। जबकि ओमेक्स प्लाजा शक्ति खंड-2 पर 38 लाख 27 हजार 115 रुपए संपत्ति कर बकाया है। दोनों संस्थान के प्रबंधन को पिछले दिनों डिमांड नोटिस जारी कर बकाया राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे, मगर बकाया रकम की अदायगी नहीं की गई। ऐसे में नगर निगम ने सख्त रूख अपनाकर शिप्रा मॉल और ओमेक्स प्लाजा को सील कर दिया। इसके बाद दोनों संस्थान के प्रबंधन में हड़कंप मच गया। शिप्रा मॉल की तरफ से 40 लाख रुपए का चेक नगर निगम को दे दिया गया। तदुपरांत शिप्रा मॉल की सील को खोल दिया गया। अब निगम ने मॉल को शेष राशि के भुगतान के लिए मार्च तक का समय दिया है। अगर तब तक संपत्ति कर की पूरी राशि जमा नहीं कराई गई तो मॉल को दोबारा सील किया जा सकता है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (सीटीओ) डॉ संजीव सिन्हा शहीद नगर निगम के अन्य अधिकारी शामिल थे। नगर निगम के वसुंधरा जोन के जोनल प्रभारी सुनील राय के मुताबिक बड़े बकाएदारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। हालांकि लगभग 2 घंटे तक मॉल में आवाजाही बंद रही। उधर, सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर और वसुंधरा जोन में निरंतर बकाएदारों पर कार्रवाई हो रही है। बड़ी संख्या में बकाएदारों को कुर्की नोटिस दिए गए हैं। सिटी जोन के मॉडल टाउन में कुछ दिन पहले गोदाम को सील कर दिया गया था। नगर निगम का कहना है कि बकाया राजस्व की वसूली के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं।