गाजियाबाद में हाईराइज शहर की सुरक्षा को मिला कवच, फायर सिस्टम मजबूत करने को 100 करोड़ मंजूर

-आग की घटनाओं पर अब लगेगा ब्रेक, आधुनिक संसाधनों से लैस होगा फायर विभाग: जीडीए वीसी
-हाईराइज इमारतों में राहत-बचाव के लिए 102 मीटर ऊंचाई तक काम करने वाली दो अत्याधुनिक हाइड्रोलिक मशीनें मिलेंगी
-तेजी से बढ़ते शहरीकरण और अग्निकांड की घटनाओं के बीच जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
-फायर विभाग को धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू, आधुनिक आपदा प्रबंधन व्यवस्था की ओर बड़ा कदम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में लगातार सामने आ रही भीषण आग की घटनाओं के मद्देनज़र गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जीडीए ने अग्निशमन विभाग को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस संबंध में अग्निशमन विभाग को आधिकारिक पत्र भी भेज दिया गया है, जिसके बाद धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ते शहरीकरण, बहुमंजिला इमारतों की तेजी से बढ़ती संख्या और हाल के अग्निकांडों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जीडीए बोर्ड द्वारा बाई सर्कुलेशन प्रक्रिया के माध्यम से प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया, जिसके बाद अग्निशमन सेवाओं के आधुनिकीकरण हेतु लगभग 100 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग एवं आपात सेवा विभाग को धनराशि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। विभाग से खाता संबंधी विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि स्वीकृत धनराशि जल्द से जल्द स्थानांतरित की जा सके और योजना का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

प्राधिकरण द्वारा तैयार की गई योजना के तहत अग्निशमन विभाग को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। इसके अंतर्गत लगभग 102 मीटर ऊंचाई तक कार्य करने में सक्षम दो हाईड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीनें खरीदी जाएंगी। ये मशीनें विशेष रूप से हाईराइज भवनों में आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य को तेज, सुरक्षित और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। वर्तमान में ऊंची इमारतों में आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में आने वाली तकनीकी चुनौतियों को देखते हुए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि अग्निशमन सेवाओं की क्षमता में शीघ्र वृद्धि हो सके।

आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से न केवल अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता मजबूत होगी, बल्कि आपदा प्रबंधन व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी। इससे भविष्य में किसी भी बड़े अग्निकांड की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी और जनहानि तथा संपत्ति नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। गाजियाबाद में तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए जीडीए की यह पहल शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और आपदा-प्रबंधन के लिहाज से बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है कि आधुनिक संसाधनों और मजबूत व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा आग जैसी आपदाओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।