स्वच्छ तीर्थ अभियान में जुटा नगर निगम का सभी विभाग, चलाया सफाई अभियान

-धार्मिक के साथ-साथ शहीद स्थलों पर भी चल रहा स्वच्छता अभियान

गाजियाबाद। स्वच्छ तीर्थ अभियान नगर निगम के सभी जोन में चल रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार धार्मिक स्थलों के साथ-साथ शहीद स्थलों पर भी वृहद स्तर पर सफाई अभियान चल रहा है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग भी स्वच्छ तीर्थ में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। जलकल विभाग द्वारा शहर के सार्वजनिक स्थलों पर धुलाई का कार्य किया जा रहा है। महाप्रबंधक जल केपी आनंद ने बताया नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार शहर में धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर धुलाई का कार्य भी किया जाना है। जिसके क्रम में रोस्टर के अनुसार शाहिद स्थलों की मूर्ति के चौतरे, शाहिद बलिदानों से जुड़ी यादों का विशेष ध्यान रखते हुए उनकी सफाई चल रही है।

शहीद मेट्रो स्थल पर रखी हुई तोप, वसुंधरा में लगे किसान चौक, अटल चौक व अन्य चौराहों पर लगी प्रतिमा को प्रतिदिन पानी से धोया जाता है। अन्य कई स्थान भी है जहां पर लगातार महापुरुषों की मूर्तियों चबूतरो को पानी से साफ किया जा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा सभी विभागों को स्वच्छ तीर्थ में प्रतिभाग करने के लिए मोटिवेट किया गया। जिसके क्रम में सभी विभाग अपने-अपने कार्यों में स्वच्छता के प्रति अहम भूमिका निभा रहे हैं। एसबीएम टीम द्वारा प्रत्येक जोन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें जनप्रतिनिधि भी उत्साह के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। शहर के कई विद्यालयों, सरकारी कार्यालय, प्राइवेट प्रतिष्ठान भी स्वच्छ तीर्थ में उत्साह के रूप में कार्य कर रहे हैं और प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध लड़ाई को जारी रखे हुए हैं।