-स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की करें जांच,छात्रों और मरीजों को मिले योजना को लाभ
-विधान परिषद संसदीय अध्ययन समिति की बैठक, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति सुरेंद्र चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जाए और जन-जन तक इनका लाभ पहुंचाया जाए। शनिवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और बागपत जनपद के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक से पूर्व सभापति सुरेंद्र चौधरी को पुलिसकर्मियों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों के निस्तारण की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया गया है, जबकि कुछ पत्रों को उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है।
विभिन्न विभागों को सभापति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ)डॉ. अखिलेश मोहन को निर्देश दिया कि सीएचसी और पीएचसी केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए। मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच हो और दवाओं की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए। राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राजस्व मामलों को गंभीरता से लिया जाए और आमजन का शोषण न हो। निराश्रित गौवंशों के संरक्षण व सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों की समय-समय पर जांच कर विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। खाद्य सुरक्षा को लेकर त्योहारों तक सीमित न रहकर नियमित रूप से खाद्य पदार्थों की जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके।
सभापति ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं। योजनाओं की जानकारी अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में संसदीय अध्ययन समिति के सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, श्रीचंद शर्मा, अपर निजी सचिव विकास यादव, समीक्षा अधिकारी सौरभ दीक्षित, वित्तीय लेखक अभय सिंह, गाजियाबाद जिलाधिकारी दीपक मीणा, प्रभागीय निदेशक वानिकी ईशा तिवारी, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, सिटी मजिस्ट्रेट संतोष कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। गौतमबुद्धनगर से जिलाधिकारी मनीष कुमार, सचिव विकास प्राधिकरण, एडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए, जबकि बागपत जनपद से एडीएम वित्त एवं राजस्व, वन अधिकारी, सीएमओ आदि उपस्थित रहे।
जनहित में प्रशासन को संवेदनशील बनाने के निर्देश
सभापति ने सभी अधिकारियों से जनहित के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देने को कहा। उन्होंने विभागों के कार्यों की सराहना भी की और निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी तत्परता के साथ कार्य किए जाएं।

















