हाई एंड इंफ्राटेक सोसाइटी में एओए चुनाव संपन्न, गजेंद्र सिंह बने अध्यक्ष

• शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए चुनाव, सोसाइटी के लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

उदय भूमि
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित हाई एंड इंफ्राटेक सोसाइटी में रविवार को अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) के चुनाव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जीडीए द्वारा गठित चुनाव समिति की निगरानी में यह चुनाव हुआ। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता पीयूष सिंह और अवर अभियंता महेंद्र कुमार की मौजूदगी में चुनाव संपन्न हुआ। जीडीए के अपर सचिव ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, चुनाव पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ।

सोसाइटी के निवासियों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए लंबी कतारों में लगकर मतदान किया। चुनाव को लेकर सोसाइटी में जबरदस्त उत्साह देखा गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही सोसाइटी के लोगों ने विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूरे परिसर में जश्न का माहौल रहा। निवासियों ने नई कार्यकारिणी से सोसाइटी के विकास और बेहतरी के लिए काम करने की उम्मीद जताई। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई, जिससे निवासियों में संतोष और विश्वास देखने को मिला। नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा, हमारा लक्ष्य सोसाइटी को और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाओं से लैस बनाना है। हम सभी निवासियों के सहयोग से पारदर्शी और प्रभावी तरीके से काम करेंगे।

विजेता उम्मीदवार
शाम तक मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना कराई गई, जिसमें गजेंद्र सिंह को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। अन्य पदों पर ये उम्मीदवार विजयी रहे।
• उपाध्यक्ष – स्नेहलता झा
•   सचिव – गीता सक्सेना
•   सहसचिव – चंदन सिंह
•   कोषाध्यक्ष – राजेंद्र प्रसाद