उदय भूमि
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा मोबाइल चोरी और लूट की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइल की कुल कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। डीसीपी (सिटी) राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त अजय मिश्रा के निर्देशानुसार, नगर क्षेत्र में मोबाइल चोरी, लूट और स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत पुलिस ने 125 चोरी और लूटे गए मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 25 लाख रुपये से अधिक है। हमारी सर्विलांस और स्वॉट टीम ने तकनीकी इनपुट और सटीक जांच के आधार पर इन मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया। इन मोबाइल फोन को उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया गया है, जिससे लोग काफी खुश हैं। हमारी प्राथमिकता है कि शहर में चोरी और लूट की घटनाओं को न्यूनतम किया जाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि यदि उनका मोबाइल चोरी या लूट होता है, तो वे तुरंत इसकी शिकायत अपने नजदीकी थाने में दर्ज कराएं और सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर जानकारी दें। इससे पुलिस को मोबाइल ट्रेस करने में आसानी होगी और अपराधियों को पकडऩे में मदद मिलेगी। आगे भी इस तरह के अभियान चलते रहेंगे, जिससे गाजियाबाद को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।
• रविवार को सिटी जोन के सभी थानों, सर्विलांस टीम और स्वॉट टीम के अथक प्रयासों से 125 चोरी और लूटे गए मोबाइल बरामद किए गए।
• बरामद किए गए सभी मोबाइल अलग-अलग कंपनियों के हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
• डीसीपी राजेश कुमार ने स्वयं अपने ऑफिस में लोगों को उनके मोबाइल लौटाए, जिससे लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सीईआईआर पोर्टल की मदद से पहचान और बरामदगी
डीसीपी (सिटी) राजेश कुमार ने बताया कि सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के जरिए पुलिस को चोरी और लूटे गए मोबाइल की पहचान करने में मदद मिली।
-नगर जोन कमिश्नरेट के विभिन्न थानों पर मोबाइल चोरी, लूट और गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।
-सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की सहायता से पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 125 मोबाइल फोन ट्रेस किए और उन्हें बरामद किया।
-रविवार को फोन स्वामियों को पहचान कर उनके मोबाइल सौंप दिए गए।
इन थाना क्षेत्रों से बरामद हुए मोबाइल
• नगर कोतवाली – 23 मोबाइल
• विजयनगर थाना – 7 मोबाइल
• सिहानी गेट थाना – 60 मोबाइल
• नंदग्राम थाना – 11 मोबाइल
• कविनगर थाना – 20 मोबाइल
• मधुबन बापूधाम – 4 मोबाइल
फोन वापस पाकर खुश हुए लोग
अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर लोग काफी खुश नजर आए और गाजियाबाद पुलिस की इस पहल की सराहना की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, जिससे अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
















