महापर्व छठ : अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

छठ घाटों पर शाम को उमड़ा आस्था का सैलाब

नई दिल्ली। महापर्व छठ के तीसरे दिन शुक्रवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। ऐसे में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने घर एवं समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। छट घाटों पर देर शाम तक चहल-पहल रही। भगवान सूर्य की उपासना के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन था। इस दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। छठ घाटों पर अघ्र्य देने को जगह-जगह भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार और पश्चिम बंगाल में यह पर्व भव्य स्तर पर मनाया गया। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास में परिवार के साथ छठ पूजा की। उधर, उप-मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने कटिहार में तो रेणु देवी ने पटना में छठ की पूजा की। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी परिवार के साथ छठ पर्व मनाया। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने खुद अपने हाथों से मिट्टी के चूल्हे पर छठ का प्रसाद बनाया। पटना में 84 घाटों पर एहतियात के साथ सूर्य उपासना की गई। घाटों पर साफ-सफाई से लेकर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई थी। शनिवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 4 दिवसीय महापर्व छठ का समापन हो जाएगा। बता दें कि महापर्व छठ बुधवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हुआ था। पहले दिन गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई थी। छठ पर्व के मद्देनजर पटना में गंगा घाट पर चेंजिंग रूम, अस्थाई शौचालय सहित सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। छठ घाटों पर वाहनों को ले जाने की अनुमति नहीं है। पटना के दानापुर से पटना सिटी तक गंगा के घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के अलावा सुरक्षा बलों व गोताखोरों की तैनाती की गई है। उत्तर प्रदेश में भी यह पर्व मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में बिहार के नागरिक रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छठ पर्व की बधाई दी।