बसंतपुरी सैंतली और मोरटा में 66 बीघा में चार अवैध कॉलोनियों का बुलडोजर से ध्वस्तीकरण

-कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं का विरोध निष्फल, जीडीए पुलिस ने किया नियंत्रण
-सड़क और साइट ऑफिस समेत सभी अवैध निर्माण ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को कुल 66 बीघा क्षेत्र में बनी चार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देशों के क्रम में की गई, जिनका उद्देश्य अवैध कब्जों और अनाधिकृत निर्माण पर शून्य सहनशीलता नीति लागू करना है। प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में इस ध्वस्तीकरण अभियान में सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा और अवर अभियंता राजन सिंह ने जीडीए पुलिस बल और मुरादनगर थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। मौके पर जानकारी मिली कि रविंद्र द्वारा खसरा संख्या-20, ग्राम बसंतपुरी सैंतली, नवीपुर बंबा, दुहाई में लगभग 20,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी निर्माण किया जा रहा था।

इसके अलावा शिवांक शर्मा और जितेंद्र दत्त शर्मा द्वारा खसरा संख्या-629, 630, 631 और 632, ग्राम-शाहपुर निज मोरटा में लगभग 26,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी तरह दिनेश त्यागी पुत्र कुवंरपाल और प्रवीण त्यागी द्वारा खसरा संख्या-622, ग्राम-शाहपुर निज मोरटा में लगभग 10,000 वर्ग मीटर और योगेश शर्मा, मोहित त्यागी तथा अनुज त्यागी द्वारा खसरा संख्या-486, ग्राम-शाहपुर निज मोरटा में लगभग 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में सड़क चिन्हांकन और ईंट-पत्थर की मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पाया कि इन चारों कॉलोनियों में कालोनाइजर या निर्माणकर्ताओं ने कोई भी स्वीकृत मानचित्र या कानूनी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए। इसके बावजूद बुलडोजर द्वारा सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इसमें कालोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़कें, भूखंडों की बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस, खंभे और अन्य निर्माण शामिल थे।

ध्वस्तीकरण के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। उन्होंने आंदोलन किया और प्राधिकरण टीम के आगे अड़चने डालने का प्रयास किया, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने उन्हें तुरंत नियंत्रित किया और कार्रवाई को निष्पादित किया। प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता ने मौके पर उपस्थित लोगों को चेतावनी दी कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के निर्माण को बक्शा नहीं जाएगा और सभी अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान जीडीए प्रवर्तन टीम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कब्जों और अनधिकृत कॉलोनियों के निर्माण को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

टीम ने यह भी कहा कि भविष्य में भी जो लोग स्वीकृत मानचित्र या कानूनी अनुमति के बिना निर्माण करेंगे, उन पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन अधिकारियों का कहना है कि यह ध्वस्तीकरण न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करता है, बल्कि स्थानीय निवासियों के हित और शहर की योजनाबद्ध विकास प्रक्रिया को भी सुरक्षित रखता है। ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई क्षेत्र के अन्य लोगों के लिए चेतावनी स्वरूप भी है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के निर्माण करने का जोखिम न उठाए।