मुख्यमंत्री योगी 5 को रामलीला मैदान में फूंकेंगे चुनावी बिगुल

-चुनाव समिति की बैठक में अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 5 मई को शहर में चुनावी बिगुल फूंकने के लिए जनसभा करने के लिए आएंगे। कविनगर स्थित रामलीला मैदान में होने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी जनसभा को लेकर भाजपाइयों एवं पुलिस-प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। ऐसे में महापौर,पार्षदों,चेयरमैन व सभासदों के लिए चुनाव प्रचार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 मई को चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए आएंगे। मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका कार्यक्रम तय हो गया है।

कविनगर स्थित रामलीला मैदान में यह चुनावी सभा होगी। इसको लेकर सोमवार को भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा,पूर्व महापौर आशु वर्मा,विजय मोहन आदि भाजपा नेताओं एवं डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल,एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव,कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार काकरान ने रामलीला मैदान में होने वाली चुनावी जनसभा को लेकर वहां का निरीक्षण किया। मौके पर स्थल का जायजा लिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को दी जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगामी 5 मई के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोमवार को महापौर प्रत्याशी सुनीता दयाल के आरडीसी स्थित चुनाव कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई। चुनाव कार्यालय पर की गई बैठक में चुनाव संचालन समिति के प्रमुख पूर्व महापौर आशु वर्मा एवं संयोजक संजय कश्यप,भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री की चुनावी रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी पार्षद प्रत्याशियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में क्षेत्र के लोगों को लाने की जिम्मेदारी सौंपी।

महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि जितने अधिक लोग अपने साथ लाएंगे।वह मुख्यमंत्री के ओजस्वी भाषण को सुनकर प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। मुख्यमंत्री की चुनावी रैली से माहौल बदलेगा। उनके आने से कार्यकर्ताओं में जोश का संचार होगा।कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली चुनावी रैली की तैयारियों की भी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को अलग अलग जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ.अनिल अग्रवाल, प्रभारी अमित बाल्मीकि,निवर्तमान महापौर आशा शर्मा, महापौर प्रत्याशी सुनीता दयाल,विधायक अतुल गर्ग,विधायक सुनील शर्मा,विधायक अजितपाल त्यागी, एमएलसी दिनेश गोयल, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बलदेव राज शर्मा,जगदीश साधना, सूधन रावत,विजय मोहन,सरदार एसपी सिंह,पूनम कौशिक,मीना भंडारी,सुनील यादव,प्रदीप चौधरी,वार्ड प्रत्याशी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।