अवैध तंदूर व प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर निगम ने कसा शिकंजा

-वसुंधरा में अभियान चलाकर 86000 का वसूला जुर्माना
-पर्यावरण के प्रति सजग रहे शहरवासी, निगम का करें सहयोग: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। नगर निगम सीमा अंतर्गत पर्यावरण के प्रति जन-जन को जागरूक करने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक प्रदूषण के लिए सबसे बड़ा खतरा है और सरकार ने इस पर पूरी तरह से रोक लगा दिया है। प्लास्टिक की ऐसी वस्तुएं जिन्हें केवल एक बार इस्तेमाल करने के बाद फेंक दिया जाता है। आमतौर पर इनका उपयोग पैकेजिंग में किया जाता है। इनमें किराना बैग, खाद्य पैकेजिंग, सिगरेट बट्स, प्लास्टिक की बोतलें, प्लास्टिक के ढक्कन, स्ट्रॉ और स्टिरर, प्लास्टिक के कंटेनर, कप और कटलरी का सामान शामिल हैं। इसके साथ ही होटल व ढाबों पर बने अवैध तंदूर भी पर्यावरण को दूषित कर रहे है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा भी निरंतर शहर वासियों से पर्यावरण के प्रति सजग रहने की अपील की जा रही है। जिसमें प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा तंदूर का उपयोग बिल्कुल न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर निगम के पांचो जोन में जोनल प्रभारी की देखरेख में अभियान के रूप में भी कार्य किया जा रहा है। बुधवार को वसुंधरा जोन अंतर्गत सेक्टर 5 वसुंधरा, झंडापुर, साहिबाबाद गांव, बृज विहार मार्केट एरिया, रामपुरी मार्केट एरिया में प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्यवाही की गई।

जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार अवैध अतिक्रमण हटाने अवैध रूप से चल रहे तंदूरों को बंद करने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग व  प्रवर्तन दल की टीम ने अभियान में सहयोग किया। व्यापारियों को पॉलिथीन उपयोग न करने के लिए अपील की गई। जिनके द्वारा अवैध रूप से तंदूर चलाया जा रहा था, उन्हें मौके पर बंद कराते हुए जुर्माने की कार्रवाई करते हुए 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। उन्होंने बताया प्लास्टिक का विकल्प तलाशने के साथ ही लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक वाली आदत से बाहर आने की आवश्यकता है।

किसी उत्पाद को यथासंभव ज्यादा से ज्यादा बार प्रयोग करना पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्रभावी कदम है। सिंगल यूज प्लास्टिक के बदले सिंगल यूज विकल्पों को ही बढ़ावा देने से समस्या का स्थायी हल नहीं निकल सकता है। जिसके लिए दुकानदारों को इसकी पहल करनी होगी। दुकान पर सामान लेने के लिए आने वाले लोगों को पॉलीथीन में सामान देना बंद करना होगा। दुकानदारों के इस कार्य से लोग खुद फिर घर से थैला लेकर निकलेंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए घातक है। जिसके लिए निगम द्वारा अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। 24 घंटे निगम की टीम जन-जन को पर्यावरण बचाओ का नारा देते हुए जागरूक कर रही है।