-35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 400 किलोग्राम लहन को किया नष्ट
-गड्ढा खोदकर छिपा रखी थी कच्ची शराब एवं लहन से भरे ड्रम
– होली के त्योहार और लोकसभा चुनाव से पहले आबकारी विभाग ने कसी कमर
गाजियाबाद। आगामी होली के त्योहार और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आबकारी विभाग ने भी कमर कस ली है। खासकर देहात क्षेत्र में कच्ची शराब के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। ताकि कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जा सके। विभाग द्वारा रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर भट्टी नष्ट की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कच्ची शराब बेचने व बनाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान कच्ची शराब बनाते व बेचते हुए कोई पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभाग ने विशेष टीमें भी गठित किया है। होली के पर्व को भले ही 25 दिन शेष है, मगर इसकी तैयारी शराब माफिया ने अभी से शुरू कर दी है। इस बार भी तस्करों के लिए शराब से ज्यादा मुनाफा कमाना सबसे आसान तरीका है।
सूत्रों की मानें तो इस बार होली में तस्कर लाखों, करोड़ों रुपये की शराब के कारोबार के फिराक में लगे हुए हैं। छोटे तस्कर शराब की खेप स्टोर करने की जुगत में हैं तो बड़े माफिया पुलिस की आंख में धूल झोंक कर कंटेनर और ट्रकों, गाड़ी के तहखानों से शराब एक-जगह से दूसरे जगह भेजने का जुगाड़ कर रहे है। होली पर्व में शराब तस्करी के लिए नोट दोगुना करने का धंधा बन गया है। शराब के लिए तस्कर को मुंह मांगी रकम दी जाती है। हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध शराब की भट्टियां धधकने लगी है। आबकारी विभाग द्वारा जमीनी स्तर पर की गई कार्रवाई के बाद भी शराब तस्करों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि खादर क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने का धंधा शुरु कर दिया हैं। त्योहारी सीजन में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने का धंधा होता है। होली नजदीक आते ही इसकी डिमांड भी अधिक बढ़ जाती है। आमजन सस्ते दामों पर मिलने वाली कच्ची शराब पीकर बीमारी को दावत दे रहे हैं। जिले में सबसे अधिक अवैध शराब की भट्टी हिंडन खादर क्षेत्र में हैं। सीती, भनेडा, एवं महमूदपुर के जंगलों के बीच कच्ची शराब बनाने का कारोबार होता हैं। यहां से शराब बनाकर ग्रामीण अंचलों में भेजी जाती है। मगर आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों के मंसूबों पर अभी से पानी फेरना शुरु कर दिया है। शराब तस्करों की हर चाल पर अपना वार करते हुए आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने गुरुवार को भी अभियान शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्यवाही की। जिसमें हिंडन खादर क्षेत्र में तैयार हो रही कच्ची शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया। लेकिन आबकारी विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही अवैध शराब के कारोबार में लिप्त माफिया फरार हो गए।
शराब माफियाओं ने आबकारी विभाग से बचने के लिए कच्ची शराब से भरे ड्रमों को हिंडन खादर क्षेत्र के किनारे जंगल में छिपाया हुआ था। जिससे ढूंढना इतना आसान नही था। मगर आबकारी विभाग की टीम ने जमीन में छिपाकर रखे गए कच्ची शराब एवं लहन से भरे ड्रमों को जमीन से खोदकर नष्ट कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया शराब माफिया के कारोबार को जनपद में जड़ से खत्म करने के साथ-साथ माफिया को पकड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिन रात दबिश दे रही है। साथ ही लोगों को भी अवैध शराब के खिलाफ जागरूक उन्हें आबकारी विभाग में कार्यवाही के लिए सहयोग की अपील की जा रही है। बुधवार को आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की संयुक्त टीम द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री व परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत थाना टीला मोड़ एवं थाना मुरादनगर अंतर्गत रिस्तल, शमशेरपुर, मथुरापुर आदि के हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश दी गई। दबिश के दौरान लगभग 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया गया और करीब 400 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। साथ ही कच्ची शराब के निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरणों को भी जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया हिंडन क्षेत्र में कार्यवाही के उपरांत शराब तस्करों के ठिकानों पर भी छापेमारी की कार्रवाई की गई।
अवैध शराब समेत तस्कर गिरफ्तार
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब समेत तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से ही शराब खरीद कर उक्त दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरीक्षक हिम्मत सिंह की टीम द्वारा थाना कौशांबी अन्तर्गत यशोदा हॉस्पिटल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान गुटखा-पान बीड़ी की दुकान के पास अमित पुत्र महिपाल निवासी भौवापुर कौशांबी अवैध रूप से शराब तस्करी करते हुए पाया गया। पूछताछ में पता चला कि वह लाइसेंसी दुकान से ही शराब खरीद कर एकत्र कर लेता था और रात में दुकान बंद होने के बाद उक्त शराब को टोप्पो व ई-रिक्शा चालकों को महंगे दामों में बेचता था। तस्कर के पास से 42 पौव्वा मिस इन्डिया ब्रांड की देशी शराब (8.40 बल्क लीटर) बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना कौशांबी में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।


















