लोकसभा चुनाव में महुआ रानी की बढ़ती डिमांड पर आबकारी विभाग का चला हंटर 

-चुनाव के बीच आबकारी विभाग की कार्रवाई ने तस्करों की बढ़ाई चिंता
-अवैध शराब के धंधे का आबकारी विभाग ने किया भंडाफोड़
-खेत व आम के बाग से 110 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 400 किलोग्राम लहन को किया नष्ट

लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में हो रहे कच्ची शराब के धंधे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहा है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के कुछ दिन बाद तस्कर फिर से अवैध अवैध शराब का धंधा शुरु कर देते है। चुनाव में होने वाली खपत को देख कमाई करने का एक भी मौका छोड़ने को तैयार नहीं है। जनपद में शराब तस्करी रोकने के लिए जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कुछ दिनों पहले सभी आबकारी निरीक्षकों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने सख्ती के साथ कच्ची शराब के साथ ही दूसरे राज्यों से तस्करी कर लाई गई शराब की बिक्री रोकने के आदेश दिए थे।

लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही आबकारी विभाग को सबसे ज्यादा चिंता नकली शराब को लेकर है। तीन दिन बाद लखनऊ में लोकसभा चुनाव का मतदान भी होना है। जिसको लेकर आबकारी विभाग की टीम दिन रात तस्करों के पीछे हाथ धोकर पड़ गई है। ज्यादा मात्रा में शराब एकत्र करने और सस्ती के प्रयास में नकली और मिलावटी का भंडारण हो सकता है। ऐसे में अधिकारियों ने किसी भी हाल में अवैध शराब की आपूर्ति नहीं होने देने को कमर कस ली है। चुनाव से पहले तस्कर शराब का भंडारण शुरू कर देते हैं। ऐसे में अधिकारियों ने हरियाणा व दिल्ली की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। मुख्य मार्ग के अलावा गांव-देहात से होकर निकलने वाले रास्तों और चकमा देकर निकलने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

चुनाव में शराब तस्करों से निपटने के लिए आबकारी अधिकारी ने विशेष प्लान तैयार किया है। उसी प्लान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। जिले के ग्रामीण इलाकों में चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है। गंभीर और पैसे वाले उम्मीदवारों द्वारा प्रचार कार्य में लगाए गए लोगों को दिन भर की थकान मिटाने के लिए सेवा दी जा रही है। वह सेवा कहीं पैसों के रूप में तो कहीं शराब के रूप में हो रही है। वैसे ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्याशियों के अंग्रेजी शराब बांट बजट से बाहर हो, तो इसलिए ग्रामीण क्षेत्र में तैयार हो रही कच्ची महुआ शराब से ही वोटरों का गला तर करने के लिए वहीं के लोकल तस्कर को पकड़ कर अपना ठेका दे दिया है। जिससे कोई भी वोटर कच्ची शराब के सेवन से अछूता न रह जाए। प्रत्याशियों का मानना है, जो काम पैसों से नहीं होता है, वह काम कच्ची शराब कर रही है। चुनाव में बढ़ते शराब की मांग को देखते हुए शराब माफिया द्वारा क्षेत्र में आपूर्ति की जा रही शराब में अधिकांश शराब नकली व जहरीली होने की भी आशंका रहती है। इसलिए आबकारी विभाग अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर लोगों को अवैध शराब के सेवन से बचाने के लिए जन जागरूकता अभियान के बीच कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने घर, आम के बाग, खेत और तालाबों के बीच छिपाकर रखी अवैध शराब के धंधे को फिर से भंडाफोड़ करते हुए अवैध शराब बरामद किया है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 लक्ष्मी शंकर बाजपेई, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-10 अखिल कुमार गुप्ता की संयुक्त टीम द्वारा थाना नगराम अंतर्गत ग्राम भज्जा खेड़ा और छोटी खेड़ा और थाना मोहनलालगंज में इंद्रजीत खेड़ा के संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों एवं रेलवे लाइन के किनारे जैसे संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान लगभग 110 लीटर अवैध कच्ची शराब और 400 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 3 अभियोग पंजीकृत किए गए। क्षेत्र में प्रवर्तन कार्य आगे भी जारी रहेगा।

जिला आबकारी आबकारी अधिकारी ने बताया इसके साथ ही आबकारी निरीक्षक सेक्टर-3 रजनीश प्रताप सिंह, सेक्टर-6 भूपेन्द्र सिंह की संयुक्त टीम द्वारा बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए लखनऊ-सुल्तानपुर रोड एवं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। साथ ही वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि बाहरी राज्यों की शराब किसी भी गाड़ी में बरामद हुआ तो जेल के साथ वाहन को भी सीज कर दिया जाएगा। इसके अलावा एक्सप्रेस-वे पर खुले ढाबों की तलाशी ली गई। ढाबा मालिकों को भी बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही उनसे अपील भी की गई कि अगर आपके आसपास कहीं भी अवैध शराब का धंधा होता है तो इसकी सूचना आबकारी विभाग को दें। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।