सोनिया-राहुल बगैर कांग्रेस का स्थापना दिवस

दिल्ली में वरिष्ठ नेता एके एंटोनी ने फहराया ध्वज

नई दिल्ली। कांग्रेस का आज 136वां स्थापना दिवस है। इसके मद्देनजर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए है। दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बगैर स्थापना दिवस मनाया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए.के. एंटोनी ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। उधर, कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर भाजपा ने चुटकी ली है। कांग्रेस ने 136वें स्थापना दिवस के मौके पर किसान संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। संवाद कार्यक्रम को जय जवान, जय किसान का नाम दिया है। यह कार्यक्रम 30 दिसंबर तक चलेगा। कांग्रेस के दिल्ली कार्यालय में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी में स्थापना दिवस मनाया गया। अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के अस्वस्थ होने और पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के विदेश चले जाने के कारण वरिष्ठ नेता ए.के. एंटोनी ने ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के लिए पहले प्रियंका गांधी से अप्रोच किया गया था, मगर उन्होंने एंटोनी का नाम प्रस्तावित कर दिया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, पवन बंसल और के.सी. वेणुगोपाल आदि मौजूद रहे। कांग्रेस को जल्द नए अध्यक्ष का चयन करना है। चुनाव के लिए आजकल रणनीति तैयार की जा रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस गांधी-नेहरू परिवार से बाहर के नेता को अध्यक्ष बनाने का रिस्क नहीं लेगी। वह राहुल गांधी को पुन: कांग्रेस की कमान सौंप सकती है। उधर, राहुल गांधी के विदेश दौरे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कमेंट किया है। शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11Ó हो गए। शिवराज के इस तंज पर भड़की कांग्रेस ने भाजपा पर निम्न स्तर की राजनीतिक करने का आरोप मढ़ गया है। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी व्यक्तिगत दौरे पर विदेश गए हैं।