गाजियाबाद। शहर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने के लिए शनिवार को वृहद वृक्षारोपण कर जीडीए अधिकारियों ने पौधारोपण का आगाज किया। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम थीम पर जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। वहीं, जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह समेत इंजीनियरों ने भी पौधारोपण किया।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि पर्यावरण के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने की दृष्टि से एक दिवसीय वृक्षारोपण (एक पेड़ मां के नाम) थीम पर जीडीए द्वारा वृहद वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य के अनुसार 1.18 लाख पौधे रोपित किए गए। शहर में विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण जीडीए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं ने संयुक्त रूप से किया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान फलदार और छायादार पौधे रोपित किए गए। इनमें विभिन्न प्रजाति पीपल, नीम, अर्जुन, जामुन, गुलमोहर, अमलताश के साथ-साथ फलदार पौधे लगाए गए। इसके अलावा जीडीए की मधुबन-बापूधाम योजना, आदित्य वर्ल्ड सिटी, राजनगर एक्सटेंशन समेत अन्य स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने रोटरी क्लब के बुलावे पर आमजन एवं स्कूल के बच्चों में पर्यावरण, वृक्षों के प्रति उत्साह एवं लगाव जागृत करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब द्वारा विजयनगर स्थित जेकेजी स्कूल में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों को एक-एक पौधा उपलब्ध कराते हुए पौधारोपण किया। इस दौरान रोटरी क्लब के सदस्यों व स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों के साथ वृक्षारोपण किया गया। वन विभाग द्वारा आयोजित पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ कार्यक्रम में भी जीडीए उपाध्यक्ष शामिल हुए। जिला प्रशासन के साथ भी पौधारोपण किया गया।



















