-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर मोदीनगर के ग्राम रोरी में चला बुलडोजर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक बार फिर अपने बुलडोजर की ताकत का अहसास कराया है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के कड़े निर्देशों के तहत मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम रोरी में एक अनाधिकृत कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 17 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली अवैध बसावट को सोमवार को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ओएसडी राजीव रतन सिंह ने किया, उनके साथ सहायक अभियंता विनय कुमार, अवर अभियंता योगेश वर्मा और राजन सिंह की टीम शामिल रही। स्थानीय मोदीनगर थाना पुलिस और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी की सड़कें, भूखंडों की बाउंड्रीवाल, साईट ऑफिस आदि को जमींदोज कर दिया गया। यह कॉलोनी खसरा संख्या 922, 923 व 924 पर विकसित की जा रही थी, जिसमें मुकेश ठाकुर, गौरव चौहान, मैसर्स एमजी प्रॉपर्टीज, जितेंद्र कुमार, सुनील व्यास और गूर्जरमल साईस फाउंडेशन सोसायटी जैसे नाम सामने आए हैं।
सभी ने मिलकर मंगल विहार कॉलोनी के पीछे ग्राम रोरी में यह अवैध निर्माण खड़ा किया था। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइज़र और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध करने की कोशिश की, लेकिन जीडीए प्रवर्तन दस्ते ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर नियंत्रण बनाए रखा और विरोध कर रहे लोगों को हटाकर बुलडोजर कार्रवाई पूरी कराई। ओएसडी राजीव रतन सिंह ने मौके पर मौजूद लोगों को दो टूक चेतावनी दी कि बगैर अनुमति के किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कॉलोनियों को बिना नोटिस के भी ध्वस्त किया जा सकता है। गौरतलब है कि जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के नेतृत्व में शहर को अवैध निर्माण से मुक्त करने का अभियान तेजी से चल रहा है। प्राधिकरण की ओर से साफ कर दिया गया है कि आने वाले समय में भी अनधिकृत कॉलोनियों व अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त ध्वस्तीकरण व सीलिंग अभियान जारी रहेगा।
















