-135वीं जयंती पर शहरभर में आयोजित हुए भव्य कार्यक्रम और श्रद्धांजलि समारोह
-नगर आयुक्त सहित निगम अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहब को किया नमन
-पार्कों की सजावट, विशेष सफाई अभियान और प्रतिमाओं का कराया गया सौंदर्यीकरण
-वार्ड स्तर तक गूंजे ‘जय भीम’ के नारे, नागरिकों ने लिया समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को शहर श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के माहौल में सराबोर नजर आया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक सामाजिक, प्रशासनिक और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए व्यापक स्तर पर सफाई, सौंदर्यीकरण और आयोजन संबंधी तैयारियां सुनिश्चित कीं। नगर निगम द्वारा जयंती से पूर्व ही शहर के उन सभी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया, जहां बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं। कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया, चुना छिड़काव कराया गया तथा पार्कों को फूलों और सजावटी व्यवस्थाओं से आकर्षक रूप दिया गया। प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई एवं आसपास के क्षेत्रों की मरम्मत कर उन्हें व्यवस्थित किया गया, जिससे श्रद्धांजलि कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम मुख्यालय में भी डॉ. अंबेडकर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और शहरवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, महाप्रबंधक जल केपी आनंद, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह तथा निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर बाबा साहब के विचारों को स्मरण किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जयंती से पहले निगम के मालियों और कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न पार्कों में विशेष तैयारियां कराई गईं। प्राप्त शिकायतों और पत्रों के आधार पर उन सभी स्थलों को प्राथमिकता दी गई, जहां बाबा साहब की प्रतिमाएं स्थापित हैं। पार्कों में मरम्मत कार्य, रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कर वातावरण को श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के अनुकूल बनाया गया।
नगर निगम ने केवल व्यवस्थाएं ही नहीं संभालीं, बल्कि अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शहर के सभी वार्डों में भव्य कार्यक्रमों के आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने विशेष सहयोग प्रदान करते हुए सफाई और जनजागरूकता गतिविधियों को सफल बनाया। विभिन्न वार्डों में जनप्रतिनिधियों और पार्षदों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और सामाजिक समानता व संविधानिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रमों के दौरान ‘जय भीम’ और बाबा साहब अमर रहें के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भाग लेते हुए बाबा साहब के योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अधिकारों की प्रेरणा है, जो आज भी समाज को दिशा प्रदान करता है। अंबेडकर जयंती के अवसर पर गाजियाबाद में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि बाबा साहब के विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के भारत की प्रगति का आधार हैं। नगर निगम और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से मनाया गया यह पर्व सामाजिक एकता, सम्मान और जागरूकता का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।


















