गाजियाबाद में बोले अखिलेश यादव सड़कों से न हटा कूड़ा न हटा सांड भाजपा चुनाव में क्या भरेंगी हुंकार

-सवाल पूछने पर भाजपा सरकार करती है तमंचे की बात
-सॉलिड मैनेजमेंट, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, एजुकेशन के नाम पर सिर्फ लोगों को ठगा
-सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को महापौर पद पर चुनाव लड़ रहीं सपा प्रत्याशी पूनम यादव के घर पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा से सवाल करने पर तमंचा की बात कहकर टकराती है। सड़कों से न कूड़ा और सांड न हटा पाने वाली भारतीय जनता पार्टी निकाय चुनाव में क्या हुंकार भरेगी। उनसे (भाजपा) महंगाई पर सवाल करो, बेरोजगारी पर सवाल करो या किसी अन्य मुद्दे पर सवाल करो, सबके जवाब में वह सिर्फ तमंचा कहकर मुद्दे को भटकाने का काम करते हैं। जनता अब परिवर्तन चाहती है,परिवर्तन होगा। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है,प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। प्रत्याशियों के समर्थन में रजनीतिक दल के नेता भी प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी महापौर पद पर चुनाव लड़ रहीं सपा प्रत्याशी पूनम यादव के घर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बुनियादी सुविधाएं ही दुरुस्त नहीं कर सकी है, स्मार्ट सिटी का सपना दिखाकर पूरा नहीं किया है। इससे पहले वह शास्त्री नगर में पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के बड़े भाई रवि यादव के निधन पर घर में आयोजित एक कार्यक्रम में शोक व्यक्त करने पहुंचे थे।

अखिलेश यादव से सपा-रालोद गठबंधन के बीच दरार को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि गठबंधन ठीक है, मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। लोकतंत्र में हर किसी को चुनाव लडऩे का अधिकार है, हम अपने कार्यकर्ताओं को निराश नही करेंगे। सपा प्रत्याशी के घर अखिलेश यादव के पहुंचने पर पत्रकारों से भी धक्का-मुक्की हुई। सपा कार्यकर्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पर महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव के आने की सूचना पर कार्यकर्ताओं की भीड़ अधिक हो गयी थी। हर कोई अखिलेश यादव से मिलना चाहता था,जिस कारण समस्या हुई। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष फैजल हुसैन, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट वीरेन्द्र यादव, अभिषेक यादव, गुलाब यादव, रालोद की महानगर अध्यक्ष डॉ. रेखा चौधरी, मनोज पंडित, पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद मलिक आदि बड़ी संख्या में सपा नेता मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि नदियां खराब हैं, एसटीपी प्लांट नहीं लगे हैं। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए आपने क्या किया आपने शिक्षा के लिए क्या किया। आपने यह दावा किया स्कूल में सस्ती पढ़ाई होगी लेकिन कुछ नहीं हुई। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने का वादा किया लेकिन स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर नहीं हुई हैं। शहर के अंदर जो सुविधाएं मिलनी चाहिए थी वह सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। अखिलेश यादव के नेहरुनगर में सपा प्रत्याशी के घर पहुंचने के दौरान अव्यवस्था रहीं। पार्टी के कार्यकर्ता अनियंत्रित हो गए। धक्का-मुक्की होने के साथ सपा के एक वरिष्ठ नेता भी भीड़ की चपेट में आकर बेहोश हो गए। मेयर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव के आने की सूचना ज्यादातर कार्यकर्ताओं को नहीं थी। जैसे ही पता चला तो कार्यकर्ताओं की भीड़ अधिक हो गयी थी। हर कोई अखिलेश यादव से मिलना चाहता था, क्योंकि वह युवाओं के चहेते है। गाजियाबाद में कई दशक से भाजपा की ही मेयर है। इसके बाद भी गाजियाबाद का सही से विकास नही हुआ। स्वच्छता के नाम पर बस लोगों को ठगा गया।