स्वतंत्रता दिवस: बाइक पर यूपी शराब की कर रहा था तस्करी, आबकारी विभाग ने दबोचा

गौतमबुद्ध नगर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा छापेमारी एवं चेकिंग अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। मिशन अवैध शराब का खात्मा की तर्ज पर जनपद में आबकारी विभाग की टीम ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। आबकारी विभाग की कार्रवाई से जिले में शराब तस्करी का कारोबार करने वाले हो या फिर बाहरी राज्यों में शराब तस्करी करने वाले माफिया के मंसूबों पर पानी फेरने का काम कर रही है। जिससे अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से रोका जा सकें। जिसके लिए एक्सप्रेसवे, चेक पोस्ट, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर सघन चेकिंग के अलावा मुखबिर तंत्र को काफी सक्रिय किया गया है। इसके अलावा मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी की कार्यवाही चल रही है। जिसमें आबकारी विभाग को सफलता भी मिल रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो कि क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान से ही शराब खरीदकर उक्त शराब को दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में तस्करी करता था।

उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री व परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए जिले में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में अवैध शराब को लेकर आबकारी निरीक्षकों द्वारा छापेमारी एवं दबिश की जा रही है। साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए भी हाइवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। सोमवार को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर बाइक पर शराब तस्करी कर रहे जय प्रताप पुत्र ओमवीर सिंह निवासी प्रेम विहार खोड़ा कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 86 पौवा कैटरीना ब्रांड देशी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी शराब की दुकान से ही शराब खरीदकर उक्त शराब तो गौतमबुद्ध नगर में तस्करी के लिए लेकर जा रहा था। जिसे गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।