बिहार में शराब बंदी: पंजाब से बिहार लेकर जा रहे थे 10 लाख की शराब

120 पेटी 4512 पौवा व 312 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर। बिहार में शराब को लेकर तमाम बंदिशों के बीच अवैध शराब का कारोबार जारी है। तस्कर शराब को खपाने के लिए एक से बढ़कर एक तिकड़म आजमाते दिख रहे है। माफिया बाहरी राज्यों से शराब लाकर ऊंची कीमतों पर बेचने का कारोबार करते थे। राजस्थान नंबर के ट्रक से पंजाब से वैशाली (बिहार) शराब की खेप ला रहे दो तस्करों को आबकारी विभाग की टीम ने दबोच लिया। बता दें कि बिहार में शराब बैन होने के बाद से शराब माफिया हमेशा नए-नए जुगाड़ अपनाते रहते हैं। दरअसल, आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक में पंजाब से शराब की पेटी लेकर तस्कर बिहार में सप्लाई के लिए आने वाले है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिकारी ने टीम तैयार की। मुखबिर ने बताया कि ट्रक में तस्करों ने गुप्त स्थान पर शराब की पेटियों को छुपाया हुआ है।

तस्करों का शातिर दिमाग इतना तेज है कि इस बार उन्होंने शराब की पेटियों को चालक की सीट के नीचे बने तहखाने के नीचे छिपाया हुआ था। जहां तक पहुंच पाना हर किसी के लिए मुमकिन नहीं था। मगर आबकारी विभाग के सक्रिय मुखबिर तंत्र और टीम की सतर्कता से शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई। जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है, मगर तस्कर उस शराब को बिहार में करीब 15 लाख से अधिक रुपए में बेचने की जुगत में थे। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ बाहरी राज्यों में होने वाली शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात सड़कों पर उतरकर चेकिंग कर रही है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से शराब की पेटी से भरा ट्रक बिहार में सप्लाई के लिए पुस्ता रोड़ के रास्ते से जाने वाला है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर, गौरव चन्द, रवि जायसवाल और चंद्रशेखर की टीम तैयार की गई। टीम ने थाना एक्सप्रेसवे सेक्टर-135 पुलिस के साथ पुस्ता रोड़ पर वाहनों की चेकिंग शुरु कर दी। तभी मुखबिर द्वारा बताए गए राजस्थान नंबर का ट्रक दिखाई दिया। टीम ने जब ट्रक को रुकने का इशारा किया तो वह भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने घेर कर कुछ दूरी पर ही ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर पहले तो कुछ नहीं मिला।

जब तस्कर रंजीत कुमार पुत्र नंद किशोर शर्मा और संतोष कुमार पुत्र लगन राय निवासी ग्राम जातकौली वैशाली बिहार से सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला उन्हें ड्राइवर सीट के नीचे बने तहखाने के नीचे शराब की पेटी छिपाकर रखा हुआ था। जिसमें से पंजाब मार्का की इम्पीरियल ब्लू की 120 पेटी शराब जिसमें 4512 पव्वा और 312 बोतल बरामद किया गया। तहखाना इतना बड़ा था कि उसमें 500 से अधिक पेटी भी छुपाया जा सकता है। तस्करों से पूछताछ की जा रही है। तस्करों ने पंजाब से शराब की पेटी ट्रक में भरी और उसे बिहार में सप्लाई के लिए लेकर जा रहे थे। बरामद शराब की कीमत करीब 10 लाख रुपए है। जिसे वह बेचकर उससे 15 लाख से अधिक कमा सकते थे।