-आग से सुरक्षा के सभी मानक बरकरार रखने पर जोर, कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया
-आबकारी अधिकारी की तत्परता, निरीक्षण टीमों ने सभी होटल्स और बार का आकस्मिक दौरा किया
-होटल, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश, फायर एग्जिट और उपकरण हमेशा कार्यशील रखने होंगे
-लखनऊ में आग से सुरक्षा को लेकर अलर्ट, आबकारी विभाग ने किया सघन निरीक्षण
उदय भूमि संवाददाता
लखनऊ। गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में हुए दर्दनाक आग हादसे में 25 लोगों की मौत के बाद लखनऊ में रेस्टोरेंट, बार और क्लबों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को आबकारी विभाग और दमकल विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर के प्रमुख होटल और बार का आकस्मिक निरीक्षण शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य शहर के सभी रेस्टोरेंट और बार में अग्निसुरक्षा, निकासी मार्ग, प्रवेश द्वार और उपकरणों की स्थिति का गहन अध्ययन करना है। आबकारी विभाग के नेतृत्व में जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने इस अभियान की पूरी जिम्मेदारी स्वयं संभाली। करुणेन्द्र सिंह की सक्रिय और योजनाबद्ध कार्यशैली ने अभियान को अधिक प्रभावशाली और परिणामोन्मुख बना दिया। उन्होंने निरीक्षण टीमों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि किसी भी होटल या बार में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह और अग्निशमन अधिकारी धर्मपाल सिंह की टीम ने शास्त्री नगर, सरोजनी नगर और बंथरा के प्रमुख होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
होटल हॉलिडे इन, रामाडा प्लाजा, सेंटर्म, कम्फर्ट विस्टा और डेमसन प्लम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं का दौरा कर अग्निसुरक्षा प्रमाण पत्र, बार लाइसेंस और इलेक्ट्रिक वायरिंग की जांच की गई। करुणेन्द्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान सुनिश्चित किया कि बार और होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएँ कि सभी अग्निसुरक्षा उपकरण सदैव कार्यशील स्थिति में हों। उन्होंने कर्मचारियों को उपकरणों के सही इस्तेमाल की ट्रेनिंग देने के साथ-साथ फायर एग्जिट को हमेशा क्लियर रखने के महत्व पर भी जोर दिया। वहीं आबकारी निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, विवेक सिंह,रिचा सिंह, अभिषेक सिंह, रजनीश प्रताप सिंह, अरविंद बघेल, कौशलेन्द्र रावत, प्रदीप शुक्ला, अखिलेश चौधरी, अखिल गुप्ता और मोनिका यादव की टीम द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में अग्रिशमन विभाग की टीम के साथ निरीक्षण किया गया। आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अग्नि सुरक्षा उपकरण पर्याप्त संख्या में मौजूद हों और उनका नियमित परीक्षण होता रहे। फायर एग्जिट को हमेशा क्लियर रखा जाए और कर्मचारी आपात स्थितियों के लिए प्रशिक्षित रहें।
कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण और उपकरण संचालन सत्र
रामाडा प्लाजा और स्काई हिल्टन फूड प्राइवेट लिमिटेड में आबकारी और अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों के लिए उपकरण संचालन का प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया। करुणेन्द्र सिंह ने व्यक्तिगत रूप से सुनिश्चित किया कि हर कर्मचारी जानता हो कि आपात स्थिति में किस उपकरण का प्रयोग कैसे करना है। उन्होंने कहा कि उपकरणों की सही स्थिति और कर्मचारियों का प्रशिक्षण ही किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान
फायर स्टेशन बक्शी तालाब क्षेत्र और कृष्णानगर थाना क्षेत्र में भी आबकारी और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त निरीक्षण किया। ट्विलाइट बार, सनडाउन बार, भवानी बार, आरएम कैफे, किंबरले क्लब और पिक्काडली होटल समेत कई प्रतिष्ठित स्थानों का दौरा किया गया। निरीक्षण के दौरान करुणेन्द्र सिंह ने सुनिश्चित किया कि बार/होटल संचालकों को फायर एग्जिट, अग्नि उपकरण और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन पूरी तरह से करना अनिवार्य हो। करुणेन्द्र सिंह की नेतृत्व क्षमता और तत्परता ने पूरे अभियान को प्रभावी बनाया। उन्होंने हर निरीक्षण स्थल पर टीम के साथ मिलकर उपकरणों की कार्यशील स्थिति की पुष्टि की और छोटी-छोटी कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
आगजनी की घटनाओं से सबक, सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की दिशा में कदम
आबकारी विभाग का यह अभियान न केवल सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करेगा, बल्कि कर्मचारियों और ग्राहकों के जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल और बार के कर्मचारियों को आग और आपात स्थिति से निपटने की पूर्ण जानकारी दी।



















