-मेट्रो स्टेशनों के संबंध में डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक
गाजियाबाद। शहर में मेट्रो ट्रेन स्टेशनों के बाहर वाहनों के लगने वाले जाम को हटाने के लिए अब स्थाई समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने ट्रैफिक पुलिस को मेट्रो ट्रेन स्टेशन के बाहर लगने वाले वाहनों के जाम को हटाने के लिए ट्रैफिक प्लानिंग बेहतर करते हुए स्थाई समाधान करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रामराजा आदि अधिकारियों के साथ मेट्रो ट्रेन स्टेशनों के आसपास आने वाली समस्याओं के बारे में जिला समन्वयन बैठक करते हुए मेट्रो ट्रेन स्टेशनों के आसपास आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
जिसमें मुख्य तौर नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पीडब्ल्यूडी, समाज कल्याण विभाग से संबंधित समस्याएं थीं। इस संबंध में जिलाधिकारी को सभी समस्याओं से अवगत कराया गया। इसमें अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश शिकायतों का निस्तारण जा चुका हैं। जिलाधिकारी ने मेट्रो ट्रेन स्टेशनों के बाहर वाहनों के खड़े होने से लगने वाले जाम को लेकर ट्रैफिक पुलिस को बेहतर यातायात प्लानिंग करते हुए कार्य करने और जाम हटाने के स्थाई समाधान के लिए निर्देशित किया। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राम राजा ने अवगत कराया कि विभाग से संबंधी समस्याओं का निराकरण करा दिया गया है। जबकि कुछ पर कार्य प्रगति पर है।
नगर निगम से संबंधित शिकायतों का लगातार निस्तारण किया जा रहा है,लेकिन कुछ समय बाद फिर समस्या हो जाती है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई से संबंधित शिकायतों का स्थाई समाधान निकाला जाएं। लोगों द्वारा जहां पर कूड़ा डाला जा रहा है और मूत्र त्याग किया जा रहा है। वहां का सौंदर्यीकरण कराते हुए ऐसा कार्य किया जाए कि वहां पर किसी प्रकार की गंदगी न हो सकें। इसकी देखरेख मेट्रो ट्रेन के प्रबंधक स्वयं करेंगे।बैठक में डीएमआरसी से आए अधिकारियों ने उक्त सभी कार्यों पर सहमति जताई। बैठक में मेट्रो टे्रन स्टेशनों की निगरानी करने वाले सभी अधिकारी उपस्थित रहे।















