-जीडीए सचिव की अध्यक्षता में नगर निगम, आवास एवं विकास परिषद और यूपीसीडा के अधिकारियों की बैठक
-12.50 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन के सर्वे और भौतिक सत्यापन के लिए सर्वे कमेटी गठित
-तकनीकी, प्रशासनिक और जनहित पहलुओं पर चर्चा, शीघ्र क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो ट्रेन विस्तार की कवायद अब औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। सांसदों और स्थानीय विधायक द्वारा लगातार पत्राचार और अनुरोध के बाद जिला प्रशासन ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) सचिव विवेक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की। बैठक में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, आवास एवं विकास परिषद और जीडीए के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। जीडीए सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए भूमि का सर्वे, तकनीकी अध्ययन और भौतिक सत्यापन समयबद्ध तरीके से किया जाए। इसके लिए एक सर्वे कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें जीडीए, नगर निगम, नगर पालिका परिषद लोनी, आवास एवं विकास परिषद और यूपीसीडा के एक-एक वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
इस परियोजना की कुल लंबाई लगभग 12.50 किलोमीटर होगी। सर्वे और भौतिक सत्यापन पूरी होने के बाद विस्तारीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान मार्ग में आने वाली चुनौतियों, भूमि अधिग्रहण की स्थिति, तकनीकी बाधाओं और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखा जाएगा। बैठक में मेट्रो विस्तार से जुड़े प्रशासनिक, तकनीकी और जनहित संबंधी पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारी परियोजना को शीघ्र क्रियान्वित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं, ताकि निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक परिवहन सुविधा मिल सके।
इस परियोजना से न केवल लोनी क्षेत्र के निवासियों के लिए यातायात सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी तेज गति से होगा। इसके साथ ही व्यवसायिक गतिविधियों और रोज़गार सृजन में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। जीडीए सचिव ने कहा कि परियोजना को पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ लागू किया जाएगा, ताकि इसे नागरिकों और प्रशासन दोनों के लिए लाभकारी बनाया जा सके।
















