शिव भक्तों के सादर सत्कार में जुटा नगर निगम नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने संभाली कमान

-10 जुलाई से साईं उपवन में 12वां कांवड़ शिविर का आयोजन  

गाजियाबाद। नगर निगम ने कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई एवं व्यवस्था को अंतिम रूप देने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। शिव भक्तों के सादर सत्कार के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। कांवडिय़ों की सेवा में किसी प्रकार की कोई कमी ना रहे इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम द्वारा कांवडिय़ों की सेवा के लिए जीटी रोड स्थित साईं उपवन में 10 जुलाई से 12वां कांवड़ शिविर का आयोजन किया जाएगा। कांवड़ शिविर में व्यवस्थाओं की कमान खुद नगर आयुक्त ने संभाली हुई है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में सभी विभागीय अधिकारी कांवड़ यात्रा की व्यवस्था में जुट गए है। उद्यान विभाग हो या जलकल विभाग सभी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को पूर्ण रूप से व्यवस्थित कर रहे हैं।

अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव की देखरेख में कांवड़ रूट पर प्रकाश व्यवस्था तथा पैच वर्क का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। सड़कों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी जोरों से चल रहा है। जलकल विभाग द्वारा उचित स्थानों पर पीने के लिए पानी के टैंकर लगाने की योजना बनाई है, यात्रा को सफल बनाने में विशेष सहयोग देने के लिए नगर निगम पूरी जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभा रहा है। नगर निगम जहां कावड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए जुटा हुआ है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भंडारे का साईं उपवन में आयोजन करने की तैयार में भी जुट गया है। यह भंडारा नगर निगम द्वारा आयोजित किया जाता है। जिसमें शिव भक्तों के लिए उचित भोजन की व्यवस्था की जाती है। कावड़ यात्रियों के लिए शिविर में विश्राम, भोजन, स्नान, बड़े पंखे, कूलर, तख्त की व्यवस्था, लाइट आदि व्यवस्था की जा रही है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार भंडारे को पूर्ण रूप से जीरोवेस्ट के आधार पर व्यवस्थित किया जाएगा।

भंडारे का शुभारंभ 10 जुलाई को महापौर एवं नगर आयुक्त करेंगे, जो कि 15 जुलाई तक व्यवस्थित रहेगा। नगर निगम द्वारा आयोजित कांवड़ शिविर में लाखों की संख्या में कांवडिय़ों के विश्रार और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। साईं उपवन मंदिर ट्रस्ट व नगर निगम परिवार द्वारा आयोजित भंडारे की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए पदाधिकारी और निगम के अधिकारी लगे हुए है। समिति के अध्यक्ष मयूर गिरधर ने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त के निर्देश पर कांवड़ शिविर की व्यवस्था कराई जा रही है। 6 दिनों की सेवा में नगर निगम परिवार शिव भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन करता है तथा कांवडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था भी रहती है।

कांवड़ शिविर में जीरो वेस्ट होगा भंडारा
नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा नगर निगम द्वारा हर वर्ष कांवड़ शिविर का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से कार्यक्रम किया जाएगा। नगर निगम द्वारा आयोजित 12 वां भंडारा है। जिसकी व्यवस्था बेहतर कराई जाएगी। कांवड़ शिविर जीरो वेस्ट होगा। साथ अन्य कांवड़ शिविर लगाने वालों से भी जीरो वेस्ट करने की अपील की गई है। साथ ही शिविर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए है। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवडिय़ों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्राचीन मंदिरों पर भी नगर निगम अपनी व्यवस्था बनाने में लगा हुआ है। जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य चल रहा है।