-शिकायतों का मौके पर समाधान होते देख खुश हुए फरियादी
गाजियाबाद। जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर मंगलवार को निगम सभागार में संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने की। नगर आयुक्त ने जन समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए। जिसमें अविलंब कार्यवाही भी कराई गई। संभव में 20 संदर्भ प्राप्त हुए, अधिकांश समस्याएं निर्माण जलकल एवं टैक्स विभाग की प्राप्त हुई। स्वास्थ्य, प्रकाश और उद्यान की सबसे कम समस्याएं प्राप्त हुई।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि संभव जनसुनवाई में आगंतुकों की समस्याओं को सुना गया। कुछ संदर्भ मांग से संबंधित थे उनको भी समझते हुए आगामी कार्य योजना में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा जो शिकायतें या समस्या तत्काल होने वाली थी उन पर अविलंब कार्यवाही करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। निर्माण विभाग से पांच संदर्भ प्राप्त हुए। जिसमें आवेदन अतिक्रमण की भी समस्याएं सामने आई, जलकल विभाग से पांच संदर्भ प्राप्त हुए। जिसमें पानी की पाइपलाइन कनेक्शन, सीवर की समस्या सामने आई, स्वास्थ्य प्रकाश एवं उद्यान विभाग से एक-एक समस्या सामने आई।
जिनको मौके पर टीम भेज कर निस्तारित कराया गया। संभव के दौरान कई क्षेत्रीय पार्षद में जनप्रतिनिधि भी मिले। जिनके द्वारा अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित विकास पर भी चर्चा की गई। संभव जनसुनवाई के दौरान संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल महाप्रबंधक कामाख्य प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।

















