टैक्स वसूली को लेकर नगर आयुक्त सख्त, सभी जोनल प्रभारी को मिला टारगेट

• हाउस टैक्स वसूली से नगर निगम भरेगा खजाना, 48 दिनों में 138 करोड़ वसूली का लक्ष्य
• फरवरी माह के 10 दिन में नगर निगम ने की 4 करोड़ 54 लाख रुपये की वसूली

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली को लेकर नई रणनीति तैयार की है, जिससे निगम के खजाने में अभूतपूर्व बढ़ोतरी होगी। इस योजना के तहत, नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने हाउस टैक्स का भुगतान करें, ताकि नगर निगम सेवाओं का स्तर बेहतर किया जा सके। इस वृद्धि से नगर निगम को न केवल स्वच्छता, सड़क निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार करने का अवसर मिलेगा, बल्कि यह आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम होगा। लोगों के योगदान से नगर निगम विकसित योजनाओं को लागू करने में सक्षम होगा, जिससे सभी नागरिकों को लाभ मिलेगा। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यदि सभी नागरिक अपने हाउस टैक्स का समय पर भुगतान करते हैं, तो इससे निगम की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और शहरी विकास की कई नई योजनाएं क्रियान्वित की जा सकेंगी। इस पहल का उद्देश्य न केवल राजस्व में वृद्धि करना है, बल्कि नागरिकों को यह एहसास दिलाना भी है कि उनके छोटे-छोटे योगदान से पूरे शहर का विकास संभव है।

सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए हाउस टैक्स का भुगतान सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार हाउस टैक्स वसूली को भी बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम टैक्स विभाग ने फरवरी माह के 10 दिनों में लगभग चार करोड़ से अधिक की वसूली की है। वसूली को निरंतर बढ़ाने के लिए तथा ऐसे भवन जो हाउस टैक्स के दायरे से बाहर है। उन पर हाउस टैक्स लगाने के लिए कार्य तेजी से कर रहा है। अधिकारियों द्वारा भी जोनवार बैठक बुलाते हुए कार्य योजना बनाई जा रही है। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त अवनींद्र ने कविनगर जोन की टीम के साथ बैठक करते हुए कार्य योजना बनाई और ग्रामीण क्षेत्रों में भी हाउस टैक्स लगाने और हाउस टैक्स वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया वित्तीय वर्ष 31 मार्च 2025 तक टैक्स विभाग को 138 करोड़ की वसूली करने के लिए टारगेट दिया गया है। जिसमें लगभग 16000 हाई राइज सोसाइटियों को भी टैक्स की दायरे में शामिल करने के लिए कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। अधिकारी निरंतर बैठक ले रहे है। नगर निगम टैक्स वसूली में उत्तर प्रदेश में बेहतर स्थान प्राप्त करेगा। इसके लिए कार्य योजना भी बनाई जा रही है। जिसके क्रम में जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में हाउस टैक्स वसूली को बढ़ा रहे हैं।

वसुंधरा जोन अंतर्गत लगभग 69 करोड़ की वसूली की जानी है। इसी के साथ मोहन नगर जोन अंतर्गत 17 करोड़ से अधिक वसूली करने के लिए कार्यवाही की जानी है। कवि नगर अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक का टारगेट है, सिटी अंतर्गत 29 करोड़ से अधिक हाउस टैक्स वसूली की जानी है और विजयनगर अंतर्गत 8 करोड़ से अधिक हाउस टैक्स वसूली की जानी है। सभी जोनल प्रभारी टीम सहित बेहतर कार्य कर रहे है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया नगर निगम करदाताओं की सहूलियत के लिए अवकाश दिवस में भी कैंप लगाकर और कार्यालय को खोलकर हाउस टैक्स की वसूली कर रहा है। ऑनलाइन माध्यम से भी हाउस टैक्स वसूली का कार्य चल रहा है। डोर टू डोर हाउस टैक्स वसूली भी चल रही है। 31 मार्च 2025 के बाद बकाया हाउस टैक्स पर ब्याज लगेगा। जिससे बचने के लिए करदाताओं से अपील है कि वह अपना हाउस टैक्स 31 मार्च से पूर्व जमा करें। शहर हित में शहर के विकास कार्यों को रफ्तार देने में अपना मूल्य सहयोग प्रदान करें।