अब हर पौधा बनेगा संकल्प- 10 लाख पौधे, हरियाली नहीं जिम्मेदारी है: अमृत अभिजात

-‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ वृक्षारोपण महाअभियान को जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी, संरक्षण को लेकर भी सख्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद को हराभरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने मंगलवार को गाजियाबाद में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक की जिम्मेदारी अब प्रत्येक नागरिक और विभाग की साझा होगी। अभियान का उद्देश्य केवल पर्यावरणीय संतुलन कायम करना नहीं, बल्कि भविष्य की पीढिय़ों के लिए सांस लेने योग्य शहर को सहेज कर रखना है। विकास भवन के दुर्गावती सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने डीएम दीपक मीणा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ईशा तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल समेत सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ प्रतीकात्मक कार्यक्रम न रह जाए, इसके लिए ज़रूरी है कि इसे जनसहभागिता और जनचेतना से जोड़ा जाए। हर नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनाया जाए और हर लगाए गए पौधे की निगरानी की जाए।

जिले को 10 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है, जिसे नगर निगम, जीडीए, कृषि, जल निगम, पुलिस विभाग, पशुपालन और अन्य सभी विभागों के सहयोग से पूरा किया जाएगा। इसके लिए गड्ढा खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई, ट्री गार्ड्स और रखरखाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार से पौधारोपण अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी और मेरी लाइफ पोर्टल पर सभी पौधारोपण की तस्वीरें व जानकारी अपलोड की जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इससे पूर्व प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने गाजियाबाद नगर निगम के सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, वन विभाग की नर्सरी, एनडीआरएफ परिसर व संजय नगर सेक्टर-23 सहित कई स्थलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधों के संरक्षण के लिए नियमित निगरानी और सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रमुख सचिव ने यह भी कहा कि हिंडन नदी के किनारे विशेष रूप से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाए, जिससे नदी के आसपास की हरियाली में इजाफा हो।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बताया कि नगर निगम को 1 लाख 13 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जिसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि प्राधिकरण की सभी कॉलोनियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण सुनिश्चित किया जाएगा और पूरे मानसून सीजन में अभियान को जारी रखा जाएगा। प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। हर पौधा एक जीवन है, और उसे बचाना एक संस्कार है। जब हर नागरिक एक पौधे को बचाने का संकल्प लेगा, तभी ग्रीन गाजियाबाद का सपना साकार होगा।

10 लाख पौधों का लक्ष्य: अब अभियान नहीं, आंदोलन बनेगा
गाजियाबाद में सभी विभागों को मिलाकर 10 लाख पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें फलदार, औषधीय व छायादार पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जो पौधा लगाया जाए, वह जीवित रहना चाहिए। हर रोपे गए पौधे का संरक्षण सुनिश्चित हो, उसके लिए जिम्मेदार तय हों। यह एक दिन का नहीं, एक साल का अथवा जीवन का मिशन होना चाहिए।

सीनियर सिटीजन सेंटर, नर्सरी और एनडीआरएफ परिसर का निरीक्षण
बैठक से पहले प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने गाजियाबाद नगर निगम के सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का निरीक्षण किया और निर्माण प्रगति पर संतोष जताया। इसके बाद उन्होंने संजयनगर सेक्टर-23 में वन विभाग की नर्सरी, एनडीआरएफ परिसर में पौधारोपण और ग्रीन गाजियाबाद की विभिन्न साइट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हमें सड़कों, भवनों और विकास के साथ-साथ प्रकृति को भी साथ लेकर चलना होगा। ग्रीन इन्फ्रास्ट्रक्चर ही भविष्य का असली विकास है।

‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर दिखेगा हर पौधा
अभियान की पारदर्शिता और ट्रैकिंग के लिए मेरी लाइफ पोर्टल पर हर विभाग को अपने वृक्षारोपण की फोटोज अपलोड करनी होंगी। इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि केवल रोपण नहीं, बल्कि संरक्षण भी हो रहा है।