नए साल पर निगम ने महात्मा गांधी की झांकी से दिया स्वच्छता का संदेश

-शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में व्यापारी वर्ग करें निगम का सहयोग: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नववर्ष-2024 के आगमन पर सोमवार को नगर निगम की टीम ने शहर में महात्मा गांधी की झांकी से स्वच्छता का संदेश देने के लिए स्वच्छता यात्रा निकाली। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में व्यापारी भी नगर निगम का सहयोग करें। सोमवार को नए साल के पहले नगर निगम के सिटी जोन क्षेत्र में स्वच्छता यात्रा निकाली गई। जिसमें महात्मा गांधी की झांकी से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। घंटाघर गोल मार्केट, नवयुग मार्केट, चौपला, घंटाघर व अन्य बाजारों में यात्रा निकाली गई।

यात्रा के दौरान सिटी जोनल प्रभारी,स्वास्थ्य विभाग की टीम व व्यापारी भी उपस्थित रहे।यात्रा के जरिए बाजारों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। नगर आयुक्त ने व्यापारियों से प्लास्टिक मुक्त अभियान में सहयोग करने की अपील की है। कपड़े की थैलों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया। नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर की सफाई व्यवस्था के लिए निगम की टीम व्यापारियों का साथ लेकर बाजारों में सफाई व्यवस्था को लेकर जागरूक कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने स्वच्छता यात्रा की सराहना की।

शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए व्यापारियों से भी अपील की गई। महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा हैं। इसके लिए नगर निगम बालिका विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा व्यापारियों व अन्य कई सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर शहर हित में कार्य कर रही है।यह आगे भी लगातार अभियान स्वच्छता के प्रति जारी रहेगा।