निवर्तमान महापौर की उखड़ी नेम प्लेट, नवागत के लिए तैयार कार्यालय

गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव के मतदान एवं परिणाम आने से पहले ही अब नगर निगम मुख्यालय स्थित महापौर कार्यालय से नेम प्लेट भी उखड़ गई है। नगर निगम मुख्यालय स्थित तीसरे फ्लोर पर महापौर का कार्यालय है। यहां पर निवर्तमान महापौर आशा शर्मा का कभी चमकता हुआ ऑफिस गुलजार रहता था। लेकिन अब उनके नाम की नेम प्लेट भी नगर निगम प्रशासन ने हटा ली है। अब सिर्फ नवागत महापौर के आगमन के लिए कार्यालय इंतजार कर रहा है। दिसंबर-2017 से अपै्रल-2023 तक गुलजार रहे महापौर कार्यालय से निवर्तमान महापौर की नेम प्लेट हटाए जाने के साथ उनके द्वारा लगाई गई मूर्ति एवं शो केस का सामान भी हटा लिया गया है।

आगामी 10 मई को जिले में मतदान होने के बाद 13 मई को मतगणना होने के बाद नवागत महापौर के नाम की घोषणा होगी। ऐसे में नवागत महापौर के शपथ ग्रहण करने तक अब कार्यालय में उनके पर्दापण होने का इंतजार रहेगा।नगर निगम में भव्य रूप में महापौर का ऑफिस पहले से ही बना हुआ है।उम्मीद है कि मई के अंत तक नवागत महापौर व पार्षदों के शपथ ग्रहण हो जाएगा। उसके बाद नगर निगम का कोरम भी बोर्ड के रूप में पूरा हो जाएगा। फिलहाल नगर निगम में महापौर का कार्यालय सूना पड़ा हुआ है। महापौर के निर्वाचित होने के बाद फिर से पांच साल तक के लिए कार्यालय गुलजार हो जाएगा।