लोगों की समस्याओं और परियोजनाएं पूरा कराना होगी प्राथमिकता: दीपक मीणा

-नवागत डीएम दीपक मीणा ने संभाला पदभार, कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने किया स्वागत

गाजियाबाद। जनपद के नवागत जिलाधिकारी आईएएस दीपक मीणा ने शनिवार को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्ट्रेट और ट्रेजरी का पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण करवाना और शासन की परियोजनाओं को समय से गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना प्राथमिकता रहेगी। वर्ष-2011 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक मीणा इससे पूर्व मेरठ जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। यहां तैनात इंद्र विक्रम सिंह को पदोन्नति करके शासन ने कृषि सचिव बनाया है। उनके स्थान पर दीपक मीणा को गाजियाबाद जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। शनिवार को दीपक मीणा ने 34वें जिलाधिकारी के रूप में पद ग्रहण किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर नवागत जिलाधिकारी दीपक मीणा को पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर किया। चार्ज लेने के उपरांत नवागत जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता लोगों की समस्याओं को समझ कर उनके निस्तारण कराने की होगी। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाएगा। जिले में ट्रैफिक व्यवस्था,स्वास्थ्य,शिक्षा में बेहतर सुधार लाना होगा। इसमें शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किए जाएंगे। जिले में चल रही केंद्र और प्रदेश सरकार की जो परियोजनाएं लंबित हैं,उनमें तेजी लाई जाएगी, ताकि समय से उन्हें पूरा कराया जा सकें। उन्होंने कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों से कहा कि वह समय से कार्यालय आए और अपना कार्य निष्ठा और ईमानदारी से करें।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष उपाध्याय, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, मुख्य कोषाधिकारी पुष्पांजलि, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह आदि अधिकारियों ने बुके भेंटकर जिलाधिकारी दीपक मीणा का स्वागत किया। कलेक्ट्रेट के बाद जिलाधिकारी अधिकारियों के साथ राजनगर स्थित आवास पर भी पहुंचे। हालांकि चार्ज लेने के उपरांत नवागत जिलाधिकारी दीपक मीणा फिलहाल मेरठ के लिए रवाना हो गए। सोमवार से वह नियमित रूप से अपने कार्यालय में जनसुनवाई करेंगे।

आईआईटी से खडग़पुर से बीटेक हैं दीपक मीणा
गाजियाबाद जिले को मिले नए डीएम दीपक मीणा मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। उन्होंने खडग़पुर आईआईटी से बीटेक (इलेक्ट्रिकल) किया है। बीटेक करने के बाद उन्होंने टाटा स्टील में कैंपस प्लेसमेंट ले लिया था। नौकरी के साथ दीपक मीणा ने पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने कड़ी मेहनत से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी की और 2011 बैच में सलेक्शन लेकर आईएएस बन गए। दीपक मीणा को भारतीय प्रशासनिक सेवा में यूपी कैडर मिला। मसूरी में भारतीय प्रशासनिक सेवा की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद दीपक मीणा ने बतौर ट्रेनी आईएएस आजमगढ़ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की पोस्टिंग पाई।

यह बात है 2014 की। उसके बाद दीपक मीणा सहारनपुर और अलीगढ़ में भी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहे। उसी साल यानि, 2014 में दीपक मीणा ने बतौर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बुलंदशहर में पोस्टिंग पाई। कई जिलों में सीडीओ रहने के बाद दीपक मीणा 2017 से 2019 तक डीएम श्रावस्ती रहे। श्रावस्ती के बाद सिद्धार्थ नगर में भी जिलाधिकारी रहे और फिर 14 अप्रैल, 2022 को डीएम मेरठ बन गए थे। बृहस्पतिवार देर रात दीपक मीणा को डीएम गाजियाबाद बनाया गया है।