-देशभक्ति की भावना के साथ प्रदेश की तरक्की पर भी हुई सार्थक चर्चा
उदय भूमि संवाददाता
पटना। बिहार की राजधानी पटना प्रवास के दौरान जनसेवक तरुण मिश्र ने गुरुवार को राज्य की पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी से उनके आवास पर सौजन्य मुलाकात की। यह भेंट हर घर तिरंगा अभियान के तहत हुई, जिसमें राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति को बढ़ावा देने के संकल्प पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान दोनों ने प्रदेश और देश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की। तरुण मिश्र ने मंत्री रेणु देवी को हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि तिरंगा हमारे गौरव और एकता का प्रतीक है, इसे हर घर पर फहराकर हम आने वाली पीढिय़ों में देशभक्ति का संदेश पहुंचा सकते हैं।
मंत्री रेणु देवी ने भी प्रदेशवासियों से इस अभियान को उत्साहपूर्वक अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और कर्तव्य का प्रतीक है। मुलाकात के अंत में दोनों ने एक स्वर में संदेश दिया कि हर घर तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति का जज़्बा जाग्रत होना चाहिए, ताकि 15 अगस्त का पर्व पूरे प्रदेश में एकता और उत्साह का प्रतीक बने।
















