विरोध : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के काफिले पर पथराव

काले झंडे भी दिखाए, विधायक का वाहन क्षतिग्रस्त

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएमएम) पर हमला करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जुबानी हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि ममता दीदी को अब हार का डर सताने लगा है। भाजपा नेता दिलीप घोष के काफिले पर उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में हमला किया गया। उस समय घोष मदारीहाट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर वापस लौट रहे थे। हमले में विधायक विल्सन चंपामारी का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। भाजपा ने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएमएम) के विमल गुरुंग गुट को हमले के लिए दोषी करार दिया है। जीजेएमएम के कार्यकर्ता रास्ते में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष घोष को काले झंडे भी दिखाए। काफिला गुजरते समय प्रदर्शनकारियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में कालचीनी विधान सभा क्षेत्र के विधायक विल्सन चंपामारी का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि दिलीप घोष बाल-बाल बच गए। दिलीप का काफिला तेजी से आगे बढ़ गया। हमले के बाद हरकत में आई पुलिस ने दिलीप घोष के कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। उधर, इस घटना पर भाजपा नेता मनोज तिवारी ने ट्वीट कर ममता सरकार को कोसा है। ट्वीट में उन्होंने कहा है कि दिलीप घोष के काफिले पर हमले से यह साफ है कि अब ममता दीदी को हार का डर सता रहा है। बता दें कि दार्जिलिंग में अलग गोरखालैंड राज्य की मांग के समर्थन में आंदोलन के दरम्यान अस्तित्व में आए गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएमएम) से भाजपा का गठबंधन रहा है। जीजेएमएम के समर्थन से 2009 के लोक सभा चुनाव में भाजपा नेता जसवंत सिंह, 2014 के चुनाव में एस.एस. अहलूवालिया दार्जिलिंग लोक सभा सीट से संसद पहुंचने में कामयाब रहे थे।