जीडीए में विकास कार्यों की सुपरविजन होगी डिजिटल, पोर्टल से समय पर काम पूरा करने की होगी गारंटी

-वर्क मॉनिटरिंग पोर्टल से परियोजनाओं पर ऑनलाइन निगरानी, देरी और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: नंद किशोर कलाल
-उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को दिए निर्देश, डिजिटल प्लेटफॉर्म से गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) अब अपनी निर्माणाधीन योजनाओं और विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च तकनीक वर्क मॉनिटरिंग पोर्टल तैयार कर रहा है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्राधिकरण की सभी परियोजनाओं पर वास्तविक समय में नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पोर्टल के माध्यम से सभी निर्माण कार्य, योजनाओं और विकास परियोजनाओं का डाटा अपलोड किया जाएगा और समय-समय पर उनकी प्रगति अपडेट की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल न केवल परियोजनाओं की निगरानी करेगा, बल्कि किसी भी समस्या या बाधा को तुरंत चिन्हित करके उसका समाधान सुनिश्चित करेगा। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि जीडीए में कई परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन समय-सीमा का पालन नहीं हो पा रहा था। अब वर्क मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से सभी योजनाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा कराया जाएगा।

यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही आवंटियों से जुड़ी शिकायतों का समाधान भी समय रहते किया जाएगा। जीडीए के अधिकारियों ने बताया कि इस पोर्टल के जरिए प्रत्येक परियोजना का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। पोर्टल पर परियोजनाओं की समय-सीमा, जिम्मेदार अधिकारी, कार्य प्रगति और किसी भी प्रकार की बाधाओं की जानकारी दर्ज होगी। इस पोर्टल का उद्देश्य न केवल परियोजनाओं में देरी को रोकना है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र में जवाबदेही और पारदर्शिता लाना भी है। इसके अलावा, पोर्टल के माध्यम से परियोजनाओं के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री, लागत, और श्रमिक प्रबंधन की जानकारी भी अपडेट की जाएगी। डिजिटल निगरानी के कारण अधिकारी और प्रबंधन स्तर पर वास्तविक समय में सुधारात्मक कदम उठाने में सक्षम होंगे।

उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि पोर्टल के निर्माण के लिए जल्द ही योग्य एजेंसी का चयन किया जाएगा, और एक बार पोर्टल सक्रिय होने के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की सभी परियोजनाओं का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। यह कदम शहर में विकास की गति बढ़ाने और जनता को समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इस तरह के मॉनिटरिंग पोर्टल से ना केवल समय पर परियोजनाओं का पूरा होना सुनिश्चित होगा, बल्कि शहर में भ्रष्टाचार और लापरवाही जैसी समस्याओं को भी कम किया जा सकेगा। यह पहल गाजियाबाद को स्मार्ट सिटी के लक्ष्यों के करीब ले जाने में मददगार साबित होगी। जीडीए की वर्तमान परियोजनाओं में आवासीय योजना, सड़क निर्माण, पार्किंग और हरित क्षेत्र, जल निकासी और अन्य बुनियादी ढांचे के कार्य शामिल हैं। इन सभी पर पोर्टल के माध्यम से निगरानी होने से जनता को परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हम चाहते हैं कि जनता के लिए विकास कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। यह पोर्टल जीडीए में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर प्रशासन का प्रतीक बनेगा।