शराब तस्करों की सोच से दस कदम आगे बढ़कर आबकारी विभाग ने की कार्रवाई शुरू

-बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए डासना, दुहाई चेक पोस्ट, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर बढ़ा पहरा
-अवैध शराब के खिलाफ दुहाई चेक पोस्ट, यूपी बोर्डर पर आबकारी विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान

गाजियाबाद। जनपद में बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। साथ ही दिल्ली से गाजियाबाद में शराब तस्करी करने वाले तस्करों पर भी शिकंजा कसते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी एवं दबिश दी जा रही है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम और तेज हो रही है। दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की शराब को अवैध तरीके से गाजियाबाद में आने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए ईस्टन पेरिफेरल एक्सप्रेसवे डासना, दुहाई चेक पोस्ट, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर सघन चेकिंग के अलावा मुखबिर तंत्र को काफी सक्रिय किया गया है। इसके अलावा मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी की कार्यवाही चल रही है। बाहरी राज्यों की सस्ती शराब को चोरी-छिपे बेचकर माफिया हमेशा मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में रहते हैं।

जिसमें माफिया ज्यादातर बिहार में सप्लाई के लिए अपनी रणनीति तैयार करते है। क्योंकि बिहार में शराब पर रोक लगने के बाद सबसे ज्यादा मुनाफा और डिमांड बिहार में ही रहती है। यूपी में बाहरी राज्यों की शराब तस्करी सिर्फ दिखावे के लिए ही करते है। उनका टारगेट तो सिर्फ बिहार में शराब सप्लाई करना होता है। जिसके लिए माफिया हर उस योजना पर काम करते है, जिसमें वह सफल हो सकें। मगर गाजियाबाद से होकर बिहार में शराब तस्करी करना किसी चुनौती से कम नहीं है। गाजियाबाद में सख्ती और उनकी हर रणनीति को बिगाड़ने के लिए शराब माफिया की सोच से दस कदम आगे बढ़कर आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई को अंजाम देता नजर आ रहा है।

गाजियाबाद से बनाई दूरी, पलवल उतरकर मथुरा व आगरा के रास्ते बिहार पहुंचा रहे शराब
गाजियाबाद में आबकारी विभाग की कार्रवाई को देखते हुए शराब माफिया ने अपना रुट बदल लिया है। ईस्टन पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच में न उतरकर अब माफिया सीधे पलवल में उतर रहे है और वहां से मथुरा या आगरा होते हुए बिहार में शराब सप्लाई कर रहे है। शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग पूरी ताकत के साथ अभियान चला रहा है। ईस्टन पेरिफेरल एक्सप्रेसवे डासना, दुहाई चेक पोस्ट, ज्ञानी बॉर्डर, महाराजपुर बॉर्डर, यूपी गेट, लोनी बॉर्डर व वजीराबाद बॉर्डर के अलावा दिल्ली से गाजियाबाद में प्रवेश के विभिन्न मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए आबकारी विभाग की कई टीमें दिन-रात सक्रिय रहती हैं। ईस्टन पेरिफेरल एक्सप्रेसवे डासना व दुहाई चेक पोस्ट पर आबकारी निरीक्षकों की टीम तीन शिफ्ट में लगातार वाहनों की चेकिंग कर रही है। खोड़ा कॉलोनी के रास्ते भी शराब तस्कर गाजियाबाद में प्रवेश करने की जुगत में रहते हैं। जिन्हें रोकने के लिए प्रभावी रणनीति पर काम हो रहा है। यदि शराब तस्कर गाजियाबाद सीमा में प्रवेश भी कर जाते हैं तो मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग के दौरान उन्हें रंगे-हाथों दबोच ही लिया जाता है। इसके लिए मालवाहक एवं यात्री वाहनों की चेकिंग नियमित रूप से की जा रही है। साथ ही बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करने वाले बार, रेस्टोरेंट एवं होटल मालिकों के खिलाफ भी विशेष अभियान शुरु किया गया है। जिसके लिए आबकारी विभाग की टीमें पूरी रात जिले में संचालित बार, रेस्टोरेंट एवं होटल में चेकिंग कर रही है। जहां रात होने के बाद भी अवैध रुप से शराब पार्टी होती है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, हिम्मत सिंह, राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, मनोज शर्मा, अनुज वर्मा एवं अभय दीप सिंह की टीम द्वारा शनिवार रात व रविवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर भी दबिश दी गई। आबकारी टीम द्वारा एंजेल मॉल, हैबिटेट सेंटर इंदिरापुरम एवं आरडीसी स्थित रेस्टोरेंट बार/ओकेजनल बार अनुज्ञापनों एवं जनपद स्थित मैरिज हॉल, पार्टी लॉन, फार्म हाउस की चेकिंग की गई। सभी रेस्टोरेंट बार, मैरिज हॉल, पार्टी लॉन, फार्म हाउस, होटल, रेस्टोरेंट संचालको को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर कम से कम 6 माह की जेल और उसे सीज करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे डासना टोल प्लाजा पर वाहनों को रोक कर उनकी चेकिंग भी की गई। साथ ही शराब की दुकानों का भी निरीक्षण और गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई गई। विक्रेताओं को नियमानुसार दुकानों को संचालित करने एवं सीसीटीवी कैमरा क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जनपद गाजियाबाद को शराब तस्करों के चंगुल से पूरी तरह से मुक्त करने के लिए मुहिम निरंतर चलाई जा रही है। इसमें कामयाबी भी मिल रही है। सभी आबकारी निरीक्षक गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आबकारी निरीक्षकों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं ताकि शराब तस्करों की बदली रणनीति को नाकाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।