नगर निगम के वार्डों में जल्द बहेगी विकास की बहार

-वार्डों में जल्द शुरू होंगे 50-50 लाख रुपए के विकास कार्य: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में कराए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर अब महापौर सुनीता दयाल ने विकास कार्यों की जल्द शुरुआत कराने के लिए निगम अधिकारियों को चेताया है। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम कार्यकारिणी में पास हुए सभी 100 वार्डों में 50-50 लाख रुपए के विकास कार्य कराने के लिए निगम टेंडर मांगने की प्रक्रिया शुरू करें। अगर इतना पैसा फिलहाल निगम के पास नहीं है तो वह 30-30 लाख रुपए के विकास कार्य वार्ड में शुरू कराने को लेकर टेंडर मांगे।

निगम कार्यकारिणी उपसभापति राजीव शर्मा का कहना है कि महापौर की ओर से निगम के निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए है। इसके साथ ही महापौर ने जल्द बोर्ड बैठक कराने के लिए तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। महापौर का कहना है कि निगम बोर्ड बैठक की जल्द तारीख फाइनल की जाएगी। नगर आयुक्त से वार्ता कर बोर्ड बैठक बुलाने की तारीख तय की जाएगी। दरअसल, 23 सितंबर से संसद सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में संभावना है कि इस सप्ताह या फिर अगले सप्ताह निगम बोर्ड बैठक हो सकती है। महापौर का प्रयास है कि इससे पहले शहर में विकास कार्य शुरू कराने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाए।